Chandrayaan-3: विक्रम लैंडर आज 'स्लीप मोड' से होगा 'एक्टिव', शुरू होगा चंद्र मिशन का दूसरा चरण

नई दिल्ली : भारत के चंद्रयान-3 का विक्रम लैंडर आज स्लीप मोड से जाग सकता है. यह भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के मिशन को दूसरे चरण में ले जाएगा. यदि लैंडर जाग जाता है और फिर से चालू हो जाता है, तो यह भारत के लिए एक और माइलस्टोन होगा. इससे अंतरिक्ष यान एक ही तरह के प्रयोग बार-बार करने में भी सक्षम हो जाएगा.

इसरो के पूर्व चेयरमैन सिवन ने कहा कि, उन्हें उम्मीद है कि लैंडर और रोवर को जगाने की कोशिश से बहुत कुछ नया सामने आएगा, हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा, यह एक चंद्र रात्रि से गुज़रा है, अब चंद्र दिवस प्रारंभ होता है. तो अब वह उसे जगाने की कोशिश करेंगे. यदि सभी प्रणालियां काम कर रही हैं, तो यह ठीक होगा. यह अंत नहीं है, बहुत सारे नए विज्ञान आएंगे. अब भी चंद्रयान-1 के डेटा से कई खोजें सामने आई हैं इसलिए, मुझे उम्मीद है कि बहुत सी नई चीजें आएंगी. वैज्ञानिक प्रयास करते रहेंगे. तो, यह कहानी का अंत नहीं है. 

2 सितंबर को डाला था 'स्लीप मोड' पर: 

इसरो ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि वह 22 सितंबर को उनके साथ संचार फिर से स्थापित करने के प्रयास शुरू करने से पहले विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर के एक निश्चित तापमान से ऊपर गर्म होने का इंतजार करेगा. अंतरिक्ष एजेंसी ने 2 सितंबर को कहा कि, प्रज्ञान रोवर ने चंद्रमा की सतह पर अपना काम पूरा कर लिया है और उसे सुरक्षित रूप से पार्क कर स्लीप मोड में सेट कर दिया गया है. लैंडर और रोवर दोनों 4 सितंबर से पूरी तरह से अंधेरे में हैं जब शिव शक्ति बिंदु पर सूर्यास्त हुआ था.