नई दिल्ली: सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है. सोमवार को भी दोनों कीमती धातुओं के भाव में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. चांदी 8,720 रुपए सस्ती होकर 1.69 लाख रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है. करीब 11 महीने बाद चांदी के भाव 1.70 लाख रुपए प्रति किलो से नीचे आए हैं. वहीं, 24 कैरेट सोने की कीमत में 1,429 रुपए की गिरावट आई है. इसके साथ ही सोना 1.34 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है.
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले कारोबारी दिन 13 नवंबर को चांदी 1.78 लाख रुपए प्रति किलो और सोना 1.36 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर था. इस महीने अब तक चांदी करीब 17 हजार रुपए और सोना करीब 6 हजार रुपए सस्ता हो चुका है. 30 अक्टूबर को चांदी के भाव 1.86 लाख रुपए प्रति किलो और सोने के भाव 1.40 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम थे.
रिकॉर्ड स्तर से 2.17 लाख रुपए सस्ती हुई चांदी:
29 जनवरी को चांदी ने 3.86 लाख रुपए प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बनाया था. इसके बाद से अब तक चांदी की कीमत में करीब 2.17 लाख रुपए की गिरावट आ चुकी है. वहीं, सोना भी 29 जनवरी के 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर से करीब 42 हजार रुपए सस्ता हो चुका है.
सोने-चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट से सर्राफा बाजार में हलचल बढ़ गई है. वहीं, शादी-विवाह के सीजन के बीच खरीदारों की नजर अब दोनों कीमती धातुओं के भाव पर टिकी हुई है.