VIDEO: राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की 170वीं बैठक, बैंकिंग और साइबर क्राइम पर बड़ा फोकस, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की 170वीं बैठक मैं साइबर सिक्योरिटी को लेकर खास ध्यान देने और एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए. बैठक में बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों के साथ प्रदेश में क्रेडिट ग्रोथ, बैंकों के ऋण वितरण, प्राथमिकता क्षेत्र लेंडिंग, सरकारी योजनाओं की प्रगति और साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. 

निजी होटल में स्टेट लेवल बैंकर्स कमेटी की 170 भी बैठक हुई मुख्य आयोजक बैंक ऑफ़ बड़ौदा के तत्वावधान में हुई बैठक में क्रेडिट ग्रोथ को लेकर विचार विमर्श करते हुए इसे महत्वपूर्ण ऊंचाइयों पर ले जाने के मुख्य सचिव ने निर्देश दिए. बैठक के बाद मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि राजस्थान में क्रेडिट ग्रोथ अच्छी है और CD रेश्यो भी बेहतर स्थिति में दिखाई दे रहा है. प्राथमिकता क्षेत्र लेंडिंग से जुड़े कार्यक्रमों में भी बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने इसे प्रदेश की अर्थव्यवस्था और बैंकिंग सेक्टर के लिए सकारात्मक संकेत बताया.

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में करीब 3 हजार आबादी वाले गांवों तक बैंक ब्रांच नेटवर्क की पहुंच सुनिश्चित हो चुकी है. बैंक शाखाओं के सैचुरेशन की दिशा में भी काम हुआ है. इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बैंकिंग सेवाओं, ऋण और सरकार की विभिन्न वित्तीय योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था में केवल शाखाओं की पहुंच बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है. इसी को देखते हुए डिजिटल लिटरेसी कार्यक्रमों के साथ साइबर सिक्योरिटी और साइबर अवेयरनेस पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है. साइबर अपराधों को लेकर मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बैंकों को इस दिशा में और अधिक संवेदनशील किया गया है. हर बैंक ब्रांच को अपने संबंधित पुलिस स्टेशन के साथ बेहतर इंटरैक्शन और समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने विशेष रूप से जयपुर और अलवर जिलों में साइबर अपराध की अधिक सक्रियता को देखते हुए बैंकर्स को पुलिस के साथ क्लोजली इंटरैक्ट करने पर जोर दिया.

बैंकिंग लेनदेन से जुड़े साइबर फ्रॉड के मामलों में बैंक और पुलिस के बीच तत्काल सूचना और समन्वय से पीड़ितों को राहत दिलाने और अपराधियों पर कार्रवाई में मदद मिल सकती है. बैंक अधिकारियों को साइबर अपराधों के नए तरीकों, ग्राहकों की सुरक्षा और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय को लेकर जागरूक किया जाएगा.

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि हाल ही में GDP की पहली तिमाही के आंकड़े सामने आए हैं, जिसमें 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ रेट देखने को मिली है. इसी प्रकार GST टैक्स कलेक्शन में भी इस महीने करीब 2 लाख करोड़ रुपए का कलेक्शन हुआ है. उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था में जो तेजी दिखाई दे रही है, उसका असर बैंकिंग सेक्टर के प्रदर्शन में भी नजर आ रहा है. क्रेडिट ग्रोथ, ऋण वितरण और प्राथमिकता क्षेत्र लेंडिंग में बढ़ोतरी इसी का संकेत है.

बैठक में केंद्र में तैनात आईएएस देवाशीष पृष्टि, आईपीएस वी.के. सिंह, स्टांप विभाग, बैंकों और विभिन्न वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.