अखिलेश यादव के 27 संकल्पों से यूपी की सियासत में हलचल! 100 दिन में किसानों का पूरा कर्ज माफ करने का वादा, बेटियों को 10 ग्राम सोना और ग्रामीणों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली

उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 27 संकल्प पत्र जारी कर चुनावी राजनीति में नई बहस छेड़ दी है. इन संकल्पों में किसानों की कर्जमाफी, महिलाओं की सुरक्षा, बेटियों के भविष्य, मुफ्त बिजली और कानून व्यवस्था को प्रमुखता दी गई है. अखिलेश यादव ने किसानों से लेकर महिलाओं और आम ग्रामीण परिवारों तक को राहत देने वाले कई बड़े वादे किए हैं.
विस्तार में

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 27 संकल्प पत्र जारी कर चुनावी राजनीति में नई बहस छेड़ दी है. इन संकल्पों में किसानों की कर्जमाफी, महिलाओं की सुरक्षा, बेटियों के भविष्य, मुफ्त बिजली और कानून व्यवस्था को प्रमुखता दी गई है. अखिलेश यादव ने किसानों से लेकर महिलाओं और आम ग्रामीण परिवारों तक को राहत देने वाले कई बड़े वादे किए हैं.

सबसे बड़ा ऐलान किसानों को लेकर किया गया है. अखिलेश यादव ने वादा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश के सभी किसानों का 100 प्रतिशत कर्ज 100 दिन के अंदर माफ किया जाएगा.

किसानों के लिए बड़े ऐलान:
-उत्तर प्रदेश के सभी किसानों को कर्जमुक्त करेंगे.
-सरकार बनने के 100 दिन के अंदर किसानों का 100 प्रतिशत कर्ज माफ करेंगे.
-किसान बीमा की मुआवजा राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये करेंगे.
-सिंचाई के लिए किसानों को मुफ्त बिजली देंगे.
-गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे के अंदर सुनिश्चित करेंगे.

बेटियों और महिलाओं के लिए खास संकल्प:
महिलाओं और बेटियों के कल्याण को लेकर भी अखिलेश यादव ने कई घोषणाएं की हैं.
-अनाथ लड़कियों की शादी के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद और एक घर देने की व्यवस्था करेंगे.
-बेटी के जन्म पर 10 ग्राम सोना देने की व्यवस्था की जाएगी.
-महिलाओं के प्रति अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे.

ग्रामीण परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली:
बिजली को लेकर अखिलेश यादव ने बड़ा वादा किया है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी. इसके साथ ही किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने का संकल्प भी दोहराया.

जमीन विवाद और अपराध पर सख्ती का वादा:
कानून व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव ने सख्त रुख अपनाने की बात कही है. उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े विवादों के निपटारे के लिए विशेष STF बनाई जाएगी.

उनके प्रमुख संकल्पों में शामिल हैं:
-अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति लागू होगी.
-अपराधी किसी भी राजनीतिक दल का हो, उसकी जगह जेल में होगी.
-गुंडागर्दी और माफियागिरी बर्दाश्त नहीं होगी.
-जमीनों पर अवैध कब्जे नहीं होने दिए जाएंगे.
-महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई होगी.

पुलिसकर्मियों को मिलेगी साप्ताहिक छुट्टी:
पुलिसकर्मियों की कार्य परिस्थितियों को लेकर भी अखिलेश यादव ने घोषणा की है. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश दिया जाएगा.