
जयपुर: राजस्थान में जिला प्रमुखों के चुनाव के बाद अब सामाजिक प्रतिनिधित्व को लेकर सियासी चर्चा शुरू हो गई है. प्रदेश के 37 जिला प्रमुखों में एक भी ब्राह्मण को मौका नहीं मिलने का मुद्दा राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है. खास बात यह है कि सामान्य वर्ग की सीटों पर भी किसी ब्राह्मण को जिला प्रमुख नहीं बनाया गया. इसे लेकर ब्राह्मण संगठनों में सवाल उठने लगे हैं कि आखिर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के सामाजिक समीकरणों में ब्राह्मण समाज को जगह क्यों नहीं मिल पाई?
जिला प्रमुखों के चयन में कांग्रेस और भाजपा ने अलग-अलग सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश की है. कांग्रेस के 24 जिला प्रमुखों के चयन में जाट समाज को सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व मिला है, जबकि भाजपा के 10 जिला प्रमुखों में राजपूत समाज की हिस्सेदारी सबसे अधिक है.
कांग्रेस में जाट समाज को सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व:
कांग्रेस के 24 जिला प्रमुखों के सामाजिक समीकरण पर नजर डालें तो इनमें 8 जिला प्रमुख जाट समाज से बनाए गए हैं. इसके अलावा 4 मीणा, 2 राजपूत, 2 गुर्जर और 2 यादव समाज से हैं. वहीं देवासी समाज से एक, मुस्लिम समाज से एक और अनुसूचित जाति वर्ग से 4 जिला प्रमुख बनाए गए हैं.
भाजपा में राजपूत समाज की सबसे ज्यादा हिस्सेदारी:
भाजपा के 10 जिला प्रमुखों के सामाजिक समीकरण में 3 राजपूत समाज से हैं. इसके अलावा 2 अनुसूचित जनजाति, 2 अनुसूचित जाति, एक जाट, एक यादव और एक जैन समाज से जिला प्रमुख बनाया गया है.
ब्राह्मण संगठनों में चर्चा, सामान्य सीटों पर भी नहीं मिला मौका:
37 जिला प्रमुखों में एक भी ब्राह्मण चेहरा सामने नहीं आने से ब्राह्मण संगठनों के बीच इस विषय पर चर्चा तेज हो गई है. खास तौर पर सामान्य सीटों पर भी ब्राह्मण समाज को मौका नहीं मिलने को लेकर सवाल उठ रहे हैं.