
जयपुर: राजस्थान में रबी फसलों की बुवाई के बीच किसानों को यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बुधवार को सचिवालय में समीक्षा बैठक की. उन्होंने साफ निर्देश दिए कि प्रदेश में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसानों को खाद के लिए परेशान नहीं होना पड़े, इसके लिए आपूर्ति और वितरण व्यवस्था में प्रभावी समन्वय रखा जाए. बैठक में बताया गया कि प्रदेश में यूरिया का स्टॉक और निरंतर आवक मिलाकर 9.64 लाख मीट्रिक टन उपलब्धता है. खरीफ सीजन में आवंटन के मुकाबले 112 प्रतिशत आपूर्ति हुई.
डीएपी के मामले में भी अधिकतर जिलों में 8 से 10 दिन का अग्रिम बफर स्टॉक है. मुख्य सचिव ने कम आपूर्ति करने वाली कंपनियों का आवंटन घटाकर बेहतर आपूर्ति करने वाली कंपनियों को देने के लिए केंद्र से समन्वय के निर्देश दिए. उर्वरकों की कालाबाजारी और अवैध डायवर्जन पर कार्रवाई के तहत 12,141 डीलरों का निरीक्षण, 193 नमूने, 1,282 फर्मों को नोटिस, 64 प्रतिष्ठानों की बिक्री पर रोक और 93 फर्मों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं. वहीं 31 एफआईआर दर्ज कर 12,375 उर्वरक बैग जब्त किए गए हैं.
मुख्य सचिव ने औद्योगिक इकाइयों में टेक्निकल ग्रेड यूरिया की खरीद और खपत का वास्तविक डेटा कृषि विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. साथ ही नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, एनपीके और जैव उर्वरकों को प्रोत्साहित कर संतुलित खाद उपयोग पर जोर दिया. एफएफएस पोर्टल के जरिए फार्मर आईडी आधारित पारदर्शी वितरण व्यवस्था 30 नवंबर तक सभी जिलों में लागू होगी. सहकारी समितियों और केवीएसएस के माध्यम से गांव स्तर पर खाद पहुंचाने और पीओएस मशीनों की तकनीकी समस्याएं दूर करने के निर्देश भी दिए गए.