जालौन में भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक की टक्कर में पिता और दो बच्चों की मौत, महिला गंभीर घायल

प्रतिकात्मक फोटो

प्रतिकात्मक फोटो

जालौन(उत्तर प्रदेश): यूपी के जालौन जिले में भीषण सड़क हादसे में पिता और दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसा माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुरा-महोई के पास हुआ, जहां कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरे.

हादसे में बाइक सवार नृपेंद्र सिंह, 17 वर्षीय पार्थ और 4 वर्षीय मासूम मानवी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल आरती वर्मा को उपचार के लिए उरई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर फरार कार सवार की तलाश शुरू कर दी है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.