अयोध्या का भव्य दीपोत्सव आस्था के साथ अर्थव्यवस्था को भी दे रहा नई ऊर्जा : CM योगी आदित्यनाथ

लखनऊ: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के भव्य दीपोत्सव को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है. उन्होंने कहा कि श्री अयोध्या धाम का दीपोत्सव आस्था के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा दे रहा है. यहां प्रज्वलित होने वाला हर दीप किसी कुम्हार के श्रम, किसान की उपज और परिवार की आजीविका से जुड़ा हुआ है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले रामनगरी की सांस्कृतिक संभावनाओं को स्थानीय कारीगरों, किसानों और छोटे व्यापारियों की समृद्धि से जोड़ने की कोई ठोस पहल नहीं हुई थी. आस्था को आजीविका के नए अवसरों में बदलने की सोच का अभाव था.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस दिशा में काम किया है. लाखों दीपों से जगमगाने वाला अयोध्या का दीपोत्सव अब कुम्हारों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों के लिए रोजगार एवं कारोबार के नए अवसर पैदा कर रहा है.

सीएम योगी ने कहा कि जिस दीये से रामनगरी रोशन होती है, उसी से किसी मेहनतकश परिवार के घर में खुशहाली की उम्मीद भी जगती है. दीपोत्सव अब धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका से भी जुड़ रहा है.