यूपी की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 2027 जारी, 13.58 करोड़ से अधिक मतदाता दर्ज; महिला वोटरों की संख्या में बड़ा इजाफा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों की तैयारियों के बीच मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने 2027 की नई ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने मतदाता सूची से जुड़े आंकड़े साझा करते हुए बताया कि प्रदेश में अब 13.58 करोड़ से अधिक मतदाता दर्ज हैं. नई सूची में महिला मतदाताओं की संख्या में पुरुषों के मुकाबले अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, प्रदेश में करीब 19 लाख नए मतदाता बढ़े हैं. इनमें लगभग 7.87 लाख पुरुष और 10.96 लाख महिला मतदाता शामिल हैं. आंकड़ों के अनुसार, नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कुल मतदाताओं की संख्या में करीब 18.84 लाख की वृद्धि दर्ज की गई है.

जारी आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में पुरुष मतदाताओं की संख्या करीब 7.38 करोड़ और महिला मतदाताओं की संख्या 6.20 करोड़ है. वहीं, प्रदेश में 40,042 थर्ड जेंडर मतदाता भी दर्ज किए गए हैं. इसके अलावा 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के करीब 11.83 लाख युवा मतदाता सूची में शामिल हैं.

मतदाता सूची में बढ़ा जेंडर अनुपात:
नई ड्राफ्ट मतदाता सूची में जेंडर अनुपात बढ़कर 840 हो गया है. यह आंकड़ा प्रदेश में महिला मतदाताओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है. निर्वाचन विभाग की ओर से जारी आंकड़े आगामी चुनावों के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं.

4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची:
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि फिलहाल ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई है. मतदाता इस सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांच सकते हैं. सूची को लेकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी. इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी.

हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें