नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपने एक पारिवारिक बयान को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही आलोचनाओं के बीच अब भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर पलटवार करते नजर आए. राहुल गांधी ने भगवान शिव और माता पार्वती की 12वीं सदी की एक प्राचीन प्रतिमा की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए प्रेम, अपनत्व और सद्भाव का संदेश दिया है. उन्होंने भाजपा और संघ के समर्थकों पर निशाना साधते हुए कहा कि डर, क्रोध और नफरत ने उनके दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम महसूस करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है.
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, "डर, क्रोध और नफरत ने भाजपा और आरएसएस समर्थकों के दिलों में एक ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है. एक सच्चे हिंदू के नाते, मेरा कर्तव्य है कि मैं उन्हें इस जाल से मुक्त करूं, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनत्व की अद्भुत सुंदरता और आनंद का अनुभव कर सकें. सत्यम शिवम सुंदरम.
Fear, anger and hatred have woven a web in the hearts of BJP and RSS supporters that stops them from experiencing and expressing love. As a true Hindu, it is my duty to free them from this web, so that they too can start to experience the breathtaking beauty and joy of love and belonging in their lives. Satyam Shivam Sundaram.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 17, 2026
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, सोमवार को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' के विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के रिश्ते से जुड़ा बचपन का एक किस्सा साझा किया था. उन्होंने बताया था कि परिवार में खाना खाते समय उनके पिता की गोद में उनकी मां बैठा करती थीं.
राहुल ने कहा था कि बचपन में उन्हें यह सामान्य लगता था, लेकिन जब वह दोस्तों के घर जाते थे और वहां ऐसा नहीं देखते थे तो उनसे सवाल करते थे कि उनकी मां उनके पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं. राहुल के इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई और भाजपा नेताओं ने भी उनकी टिप्पणी की आलोचना की.