दीपों, शहनाई और कविताओं से जगमगाएगी पिंकसिटी, जयपुर के स्थापना दिवस पर दो दिन उत्सव की धूम, जानें क्या रहेगा खास?

जयपुर: गुलाबी नगरी जयपुर अपने 299वें स्थापना दिवस के जश्न के लिए तैयार है. 17 और 18 नवंबर को शहर में विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान पिंकसिटी दीपों की रोशनी, शहनाई की मधुर धुनों और कविताओं से सराबोर नजर आएगी. नगर निगम की ओर से स्थापना दिवस को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं.

जयपुर स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ आज सुबह मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में गणेश निमंत्रण के साथ होगा. इसके बाद शाम 5 बजे बिरला ऑडिटोरियम में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम में कविताओं के जरिए शहर की संस्कृति, इतिहास और गौरवशाली विरासत की झलक देखने को मिलेगी.

ऐतिहासिक दरवाजों और मंदिरों पर गूंजेगी शहनाई:
स्थापना दिवस के मुख्य दिन 18 नवंबर को सुबह गंगापोल दरवाजे पर गणेश पूजन और प्रसिद्ध गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन-पूजन का आयोजन किया जाएगा. इस अवसर पर जयपुर के प्रमुख ऐतिहासिक दरवाजों और मंदिरों पर शहनाई की मधुर धुनें गूंजेंगी. धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से शहर की समृद्ध परंपराओं को जीवंत किया जाएगा.

दीपों से रोशन होगी महाराजा सवाई जयसिंह की प्रतिमा:
वहीं, 18 नवंबर की शाम 5 बजे स्टेच्यू सर्किल पर विशेष दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस दौरान जयपुर के संस्थापक महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय की प्रतिमा को दीपों की रोशनी से जगमगाया जाएगा. जयपुर की स्थापना 18 नवंबर 1727 को हुई थी. ऐसे में इस वर्ष जयपुर अपनी स्थापना के 299 वर्ष पूरे कर 300वें वर्ष में प्रवेश करेगा. स्थापना दिवस के आयोजन शहर की ऐतिहासिक विरासत, कला और संस्कृति के प्रति सम्मान का प्रतीक बनेंगे.

हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें