प्रतीकात्मक फोटो
दौसा: राजस्थान के दौसा जिले के लालसोट क्षेत्र में स्थित मोरेल बांध की नहरों में आज से सिंचाई के लिए पानी छोड़ा जाएगा. सुबह 10 बजे बांध की पूर्वी और मुख्य नहर के वॉल्व पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पानी छोड़ा जाएगा. इस दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी और किसान मौजूद रहेंगे. नहरों में पानी की आपूर्ति शुरू होने से दौसा और सवाई माधोपुर जिलों के सैकड़ों गांवों के किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा.
एशिया के सबसे बड़े कच्चे बांध के रूप में पहचाने जाने वाला मोरेल बांध लगातार तीसरे साल अपनी पूरी भराव क्षमता तक पहुंचा है. बांध की कुल भराव क्षमता 30 फीट 5 इंच है. इस बार भी बांध में पर्याप्त जल संग्रहण होने से किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिल सकेगा.
मोरेल बांध से सिंचाई के लिए उपलब्ध होगा 2,496 MCFT पानी:
मोरेल बांध में वर्तमान में कुल 2,707 मिलियन क्यूबिक फीट (MCFT) पानी मौजूद है. इसमें से 211 MCFT पानी डेड स्टोरेज के रूप में सुरक्षित रखा जाएगा, जबकि शेष 2,496 MCFT पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध रहेगा. बांध की दोनों नहरों में पानी छोड़े जाने से दौसा और सवाई माधोपुर जिले के सैकड़ों गांवों की कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी. किसानों के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है, क्योंकि नहरों से मिलने वाला पानी फसलों की सिंचाई में उपयोगी साबित होगा.