
जयपुरः 5वीं-8वीं बोर्ड परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने बड़ा बदलाव किया है. 30 से कम परीक्षार्थियों वाले स्कूलों के लिए अलग परीक्षा केंद्र नहीं बनेंगे. छोटे स्कूलों के विद्यार्थियों को नजदीकी बड़े केंद्रों पर शिफ्ट किया जाएगा. परीक्षा केंद्रों की दूरी 4 किलोमीटर से अधिक नहीं रखने की बाध्यता है. 6 से 10 किलोमीटर दूर परीक्षा देने जाने की पुरानी व्यवस्था पर रोक लगेगी.
ग्रामीण इलाकों के छोटे बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी. डाइट और सीबीईओ स्तर पर परीक्षा केंद्रों का निर्धारण होगा. ऑनलाइन मैपिंग से केंद्रों की दूरी और व्यवस्था तय होगी. जर्जर भवनों में परीक्षा केंद्र बनाने पर भी पाबंदी रहेगी. परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची को जिला स्तर पर मंजूरी मिलेगी.
7 जनवरी 2027 तक प्रैक्टिकल परीक्षाएं चलेंगीः
तो वहीं 10वीं-12वीं की प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए राजस्थान बोर्ड ने कार्यक्रम तय किया है. 12 दिसंबर से शुरू होकर 7 जनवरी 2027 तक प्रैक्टिकल परीक्षाएं चलेंगी. राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल की परीक्षाएं भी इसी अवधि में आयोजित होंगी. बोर्ड ने 7 दिसंबर के बाद प्रायोगिक परीक्षा शुरू कराने के संकेत दिए. स्कूलों को परीक्षा आयोजन के लिए समय सारणी जारी करने के निर्देश है.
एक लाख से अधिक विद्यार्थी प्रायोगिक परीक्षा में होंगे शामिलः
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सुबह और शाम की दो पारियों में परीक्षा होगी. हर पारी के लिए चार घंटे का समय निर्धारित किया गया है. अंग्रेजी,हिंदी,गणित,विज्ञान और सामाजिक विज्ञान सहित विषयों की परीक्षा होगी. 10वीं-12वीं के एक लाख से अधिक विद्यार्थी प्रायोगिक परीक्षा में शामिल होंगे.