
नई दिल्ली: पंजाब की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन का औपचारिक ऐलान हो गया है. इस दौरान नितिन नवीन ने गठबंधन को स्वाभाविक बताते हुए कहा कि दोनों दल पंजाब के हितों को ध्यान में रखकर फैसले लेंगे और राज्य को विकसित बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे.
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन एक स्वाभाविक गठबंधन है. दोनों दलों का एक साथ आना पंजाब की सेवा करने के साझा संकल्प को दर्शाता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों पार्टियां बाद में चर्चा करेंगी, लेकिन फिलहाल एकजुट होकर जनता को यह संदेश दिया गया है कि उनका उद्देश्य पंजाब की सेवा करना है.
नशामुक्त पंजाब और युवाओं को रोजगार देने का संकल्प:
नितिन नवीन ने कहा कि NDA के साथ मिलकर दोनों दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेंगे. पंजाब के युवाओं को उनके अपने राज्य में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी गठबंधन की प्राथमिकता होगी.
उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और विकासोन्मुखी सरकार बनाने के लिए दोनों दल मिलकर काम करेंगे. गठबंधन का उद्देश्य पंजाब को विकास की नई दिशा देना है.
समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा विकास:
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब को विकसित बनाने के लिए ऐसे फैसले लिए जाएंगे, जिनका लाभ समाज के हर वर्ग को मिले. विकास की योजनाओं से समाज के अंतिम व्यक्ति को जोड़ना गठबंधन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा.
सुखबीर बादल का NDA परिवार में स्वागत:
नितिन नवीन ने सुखबीर सिंह बादल और उनके वरिष्ठ सहयोगियों का NDA परिवार में दिल से स्वागत किया. उन्होंने कहा कि भाजपा और अकाली दल मिलकर पंजाब के हितों के लिए काम करेंगे.