
जयपुरः राजस्थान में 23.32 लाख बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए राजस्थान पुलिस और स्कूल शिक्षा विभाग ने हाथ मिलाया है. इसके तहत प्रदेश के 36,765 सरकारी स्कूलों में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा. सोमवार को पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की मौजूदगी में दोनों विभागों के बीच इस संबंध में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए. राजस्थान पुलिस की ओर से एडीजी कम्युनिटी पुलिसिंग लता मनोज कुमार और शिक्षा विभाग की ओर से राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए.
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत यह अभियान संचालित होगा. इसका उद्देश्य बालिकाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उनमें आत्मविश्वास विकसित करना है, ताकि वे स्कूल, घर और सार्वजनिक स्थानों पर अपनी सुरक्षा को लेकर जागरूक और सक्षम बन सकें. 11,701 स्कूलों के शिक्षकों को पहले दिया जाएगा प्रशिक्षण कार्यक्रम को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए प्रदेश के 11,701 पीईईओ/यूसीईईओ विद्यालयों के एक पीईटी अथवा सामान्य शिक्षक को ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित किया जाएगा. राजस्थान पुलिस के सहयोग से यह प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसके बाद प्रशिक्षित शिक्षक अपने क्षेत्र के स्कूलों में एक महिला पीईटी अथवा सामान्य महिला शिक्षक को प्रशिक्षण देंगे. ये महिला शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को आत्मरक्षा की तकनीकें सिखाएंगी. इसके लिए कुल 319 प्रशिक्षण बैच आयोजित किए जाएंगे. प्रत्येक बैच में 15 से 60 प्रतिभागी शामिल होंगे. दोनों विभागों के बीच हुआ यह समझौता हस्ताक्षर की तारीख से तीन वर्ष तक प्रभावी रहेगा.
आत्मरक्षा प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को केवल शारीरिक बचाव की तकनीकें ही नहीं सिखाई जाएंगी, बल्कि आपातकालीन सहायता सेवाओं और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन के इस्तेमाल की जानकारी भी दी जाएगी. इसके अलावा शारीरिक स्वास्थ्य, पोषण, लैंगिक संवेदनशीलता, सुरक्षा और बाल अधिकारों से जुड़े विषयों पर भी जागरूक किया जाएगा.पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि इस पहल से प्रदेश के सभी जिलों में विद्यालय स्तर पर बालिका सुरक्षा के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ेगा. उन्होंने इस अभियान में राजस्थान पुलिस से जुड़े संस्थानों का सहयोग लेने के निर्देश भी दिए.वहीं, राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने कहा कि पुलिस और शिक्षा विभाग का यह साझा प्रयास बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ विद्यालयों में सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.