डिजिटल दौर में पुरानी रीति-रिवाजों के साथ हुआ विवाह, बैलगाड़ी में सवार बारातियों को देखने उमड़े ग्रामीण, पुरानी परंपरा ने फिर जगाई यादें

वक्त बदलता है, दौर बदलता है और बदल जाती हैं लोगों की पसंद भी, लेकिन अपनी परंपराओं और संस्कृति से जुड़ी यादों का आकर्षण कभी कम नहीं होता. आधुनिकता की दौड़ में जहां आज शादियों में लग्जरी कारों के काफिले और हेलीकॉप्टर से बारात निकालने का चलन बढ़ रहा है, वहीं पाली जिले के बांकली गांव में एक ऐसी बारात निकली, जिसने करीब 70-80 साल पुराने दौर की यादें ताजा कर दीं. जहां पर घांची समाज के समाराम प्रतापजी गहलोत बांकली के
विस्तार में

सुमेरपुर: वक्त बदलता है, दौर बदलता है और बदल जाती हैं लोगों की पसंद भी, लेकिन अपनी परंपराओं और संस्कृति से जुड़ी यादों का आकर्षण कभी कम नहीं होता. आधुनिकता की दौड़ में जहां आज शादियों में लग्जरी कारों के काफिले और हेलीकॉप्टर से बारात निकालने का चलन बढ़ रहा है, वहीं पाली जिले के बांकली गांव में एक ऐसी बारात निकली, जिसने करीब 70-80 साल पुराने दौर की यादें ताजा कर दीं. जहां पर घांची समाज के समाराम प्रतापजी गहलोत बांकली के सुपुत्र कुणाल का विवाह समीक्षा के साथ बांकली मे धूमधाम से संपन्न हुआ. विवाह समारोह में पुरानी रीति-रिवाजों को विशेष महत्व देते हुए बारात में बैलगाड़ी, ट्रैक्टर और बड़ी संख्या में चारपहिया वाहनों को शामिल किया गया. जैसे ही बैलगाड़ी में सवार होकर बाराती गांव की गलियों से गुजरे, लोगों की नजरें इस अनूठे नजारे पर ठहर गईं. ग्रामीणों के लिए यह दृश्य किसी पुरानी याद के फिर से जीवंत होने जैसा था.

करीब 70-80 साल पहले ग्रामीण परिवेश में बैलगाड़ी ही आवागमन का प्रमुख साधन हुआ करती थी. उस दौर में शादी-ब्याह के अवसर पर बारातें बैलगाड़ियों से ही निकला करती थीं. रास्ता चाहे कितना भी लंबा हो, बैलगाड़ी पर सवार होकर बाराती विवाह स्थल तक पहुंचते थे. उस समय की शादियों में सादगी, अपनापन और पारंपरिक रीति-रिवाजों की अलग ही छटा देखने को मिलती थी. बांकली गांव में बैलगाड़ी को बारात में शामिल देखकर बुजुर्गों को अपने पुराने दिनों की याद आ गई.

परंपरा का अनूठा संगम:
आज शादियों में बसों, महंगी कारों और लग्जरी वाहनों का काफिला आम हो गया है. शाही शादियों में हेलीकॉप्टर तक से बारात पहुंचने लगी है. ऐसे में बैलगाड़ी, ट्रैक्टर और चारपहिया वाहनों के संग निकली यह बारात आधुनिकता और परंपरा का अनूठा संगम बन गई. इस पहल ने न केवल ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया, बल्कि नई पीढ़ी को भी पुराने समय की विवाह परंपराओं से रूबरू करवाया.

बांकली गांव की यह बारात संदेश दे गई कि जमाना कितना भी आधुनिक क्यों न हो जाए, अपनी मिट्टी और संस्कृति से जुड़ी परंपराओं का महत्व हमेशा बना रहता है. कुछ यादें ऐसी होती हैं, जिन्हें फिर से जीवंत करने के लिए बैलगाड़ी का एक सफर ही काफी होता है.