
जयपुर: सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बेटियों को बचाने की दिशा में राजस्थान ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. प्रदेश में चल रहे HPV टीकाकरण अभियान के तहत राजस्थान ने महज 9 महीने में निर्धारित लक्ष्य का 85.86 प्रतिशत हासिल कर लिया है. इस उपलब्धि के साथ राजस्थान देश में 11वें स्थान पर पहुंच गया है.
प्रदेश में 14 वर्ष की आयु वाली 7.24 लाख बेटियों को HPV वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था. इसके मुकाबले अब तक 6 लाख 21 हजार 613 बेटियों का टीकाकरण किया जा चुका है. अभियान को मिली इस रफ्तार के पीछे स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता के साथ आमजन में बढ़ती जागरूकता को भी अहम माना जा रहा है.
तीन जिलों ने हासिल किया शत-प्रतिशत लक्ष्य:
HPV टीकाकरण अभियान में राजस्थान के कुछ जिलों ने शानदार प्रदर्शन किया है. उदयपुर-2, डीग और सलूंबर ने निर्धारित लक्ष्य पूरा कर लिया है. इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों और जागरूकता गतिविधियों के जरिए अधिक से अधिक पात्र बेटियों तक पहुंचने में सफलता मिली है.
अजमेर से हुई थी अभियान की शुरुआत:
बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2026 में अजमेर से HPV टीकाकरण अभियान की शुरुआत की थी. इसके बाद प्रदेशभर में स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को गति दी.
लक्ष्य पूरा करने की ओर राजस्थान:
नौ महीने में 85.86 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना राजस्थान के लिए अहम उपलब्धि है. अब शेष पात्र बेटियों तक पहुंचकर शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करना स्वास्थ्य विभाग के सामने अगली चुनौती है.