
जोधपुरः सूर्यनगरी में गांव की सरकार के चुनावी नतीजों के बाद अब जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर कांग्रेस के भीतर सियासी घमासान तेज हो गया है. चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद पार्टी में जिला प्रमुख बनाने को लेकर खींचतान शुरू हो गई है. जोधपुर के सियासी इतिहास में पहली बार इस पद के लिए आधा दर्जन से अधिक दावेदारों के नाम सामने आने से कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति गरमा गई है. अब देहात कांग्रेस अध्यक्ष गीता बरवड़ के सामने सभी दावेदारों के बीच सर्वसम्मति बनाने की बड़ी चुनौती है.
जिला प्रमुख की दौड़ में कुसुम विश्नोई, प्रमिला चौधरी, राकेश चौधरी, विजयलक्ष्मी पटेल, सरोज कंवर और नेहा चौधरी सहित महेंद्र जाखड़ जैसे नाम चर्चा में हैं. हालांकि, इन तमाम दावेदारों के बीच पूर्व मंत्री रामसिंह विश्नोई के परिवार की दावेदारी सबसे ज्यादा मजबूत होकर उभर रही है. 3000 से अधिक मतों के अंतर से जीत के बाद रामसिंह विश्नोई परिवार का राजनीतिक दावा और मजबूत हुआ है.पूर्व मंत्री रामसिंह विश्नोई की पुत्रवधू कुसुम विश्नोई को जिला प्रमुख पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है.
सियासी समीकरणों को नया मोड़ः
उनके समर्थन में विश्नोई समाज की लामबंदी भी सियासी समीकरणों को नया मोड़ दे रही है. कुसुम विश्नोई के पति परसराम विश्नोई और परिवार के महेंद्र विश्नोई भी राजनीतिक समीकरण साधने और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क बनाने में जुटे बताए जा रहे हैं. इस दावेदारी के पीछे परिवार की पुरानी राजनीतिक पकड़ और सामाजिक समीकरण भी अहम माने जा रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सामने 36 कौम के साथ शक्ति प्रदर्शन कर परिवार अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन कर चुका है.
दावेदारों की बढ़ती संख्या ने मुकाबले को दिलचस्प बनायाः
वहीं विक्रम विश्नोई पूर्व में उप जिला प्रमुख रह चुके हैं. ऐसे में परिवार इस राजनीतिक विरासत को जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचाने की कोशिश में लगा हुआ है. फिलहाल कांग्रेस के भीतर दावेदारों की बढ़ती संख्या ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है. अब सबकी निगाहें पार्टी आलाकमान के रुख और वरिष्ठ नेताओं की रणनीति पर टिकी हैं. बड़ा सवाल यह है कि कांग्रेस सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों के बीच किस चेहरे पर दांव लगाती है और क्या गीता बरवड़ सभी दावेदारों को एक मंच पर लाकर सर्वसम्मति बना पाएंगी?