सिटी पार्क में सुरक्षा और सफाई व्यवस्था बदहाल, गार्ड तैनात... फिर भी चोरियां, देखिए खास रिपोर्ट

राजधानी जयपुर के मानसरोवर स्थित सिटी पार्क में व्यवस्थाओं की निगरानी करने वाले जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं. करोड़ों रुपये खर्च कर विकसित किए गए इस पार्क में सुरक्षा से लेकर साफ-सफाई तक की व्यवस्थाएं बदहाल नजर आ रही हैं. हालात यह हैं कि पार्क में सुरक्षा गार्डों की तैनाती होने के बावजूद वे मौके पर मौजूद नहीं रहते. वहीं, दूसरी ओर पार्क के वॉशरूम चोरों के निशाने पर हैं. यहां आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं और चोर वॉशरूम में लगी सेनेट्री फिटिंग तक खोलकर ले जा
विस्तार में

जयपुरः राजधानी जयपुर के मानसरोवर स्थित सिटी पार्क में व्यवस्थाओं की निगरानी करने वाले जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं. करोड़ों रुपये खर्च कर विकसित किए गए इस पार्क में सुरक्षा से लेकर साफ-सफाई तक की व्यवस्थाएं बदहाल नजर आ रही हैं. हालात यह हैं कि पार्क में सुरक्षा गार्डों की तैनाती होने के बावजूद वे मौके पर मौजूद नहीं रहते. वहीं, दूसरी ओर पार्क के वॉशरूम चोरों के निशाने पर हैं. यहां आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं और चोर वॉशरूम में लगी सेनेट्री फिटिंग तक खोलकर ले जा रहे हैं.

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पार्क में सुरक्षा गार्ड तैनात हैं तो फिर लगातार चोरी की वारदातें कैसे हो रही हैं? स्थानीय स्तर पर सामने आ रही शिकायतों के मुताबिक, सुरक्षा गार्डों की नियमित मौजूदगी नहीं रहती. इसके बावजूद उनकी हाजिरी दर्ज होने और भुगतान उठाए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. यदि गार्ड मौके पर मौजूद नहीं हैं तो उनकी ड्यूटी की निगरानी कौन कर रहा है और बिना वास्तविक उपस्थिति के भुगतान कैसे हो रहा है? यह जांच का विषय है. पार्क के वॉशरूमों की स्थिति भी लगातार खराब होती जा रही है. यहां लगी सेनेट्री फिटिंग को चोर एक-एक कर खोलकर ले जा रहे हैं. बार-बार चोरी होने के बावजूद इनकी सुरक्षा के लिए कोई प्रभावी इंतजाम नजर नहीं आ रहा. सुरक्षा व्यवस्था की इस लापरवाही का खामियाजा पार्क में आने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है. वॉशरूमों में सुविधाएं प्रभावित होने के साथ ही साफ-सफाई की स्थिति भी बिगड़ रही है.पार्क में गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था भी बदहाल है. वॉशरूमों से गंदा पानी बहकर बाहर आ रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्र में गंदगी फैल रही है. सुबह और शाम वॉक करने के लिए आने वाले लोगों को इस परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पार्क में सुकून के कुछ पल बिताने और स्वास्थ्य के लिए टहलने आने वाले लोगों को गंदगी और दुर्गंध के बीच से गुजरना पड़ रहा है.   

सिटी पार्क में सफाई व्यवस्था की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है. नियमित सफाई और रखरखाव के अभाव में पार्क की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं. एक ओर वॉशरूम में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रहीं, वहीं दूसरी ओर गंदे पानी और सफाई की समस्या ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.पार्क के रखरखाव और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है. लगातार सामने आ रही समस्याओं के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, गार्डों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही. ऐसे में सवाल उठता है कि पार्क की सुरक्षा और रखरखाव के नाम पर होने वाले खर्च की निगरानी कौन कर रहा है? क्या अधिकारियों को इन अव्यवस्थाओं की जानकारी नहीं है या फिर शिकायतों के बावजूद जिम्मेदारी तय करने से बचा जा रहा है? जरूरत है कि सुरक्षा गार्डों की वास्तविक उपस्थिति की जांच हो, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए और सफाई व जल निकासी की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त की जाए.