राजस्थान में सर्दी का सितम! बर्फीली हवाओं ने छुड़ाई धूजणी, एक ही रात में 4 डिग्री तक गिरा पारा; अगले सप्ताह और बढ़ेगी ठिठुरन

राजस्थान में सर्दी ने अब अपना तीखा असर दिखाना शुरू कर दिया है. उत्तरी पहाड़ों से मैदानी इलाकों की ओर तेजी से आ रही बर्फीली हवाओं ने प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है. हालात यह हैं कि एक ही रात में कई शहरों का न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया. प्रदेश के 13 शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया. इसके साथ ही सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात दर्ज की गई.
विस्तार में

जयपुर: राजस्थान में सर्दी ने अब अपना तीखा असर दिखाना शुरू कर दिया है. उत्तरी पहाड़ों से मैदानी इलाकों की ओर तेजी से आ रही बर्फीली हवाओं ने प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है. हालात यह हैं कि एक ही रात में कई शहरों का न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया. प्रदेश के 13 शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया. इसके साथ ही सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात दर्ज की गई.

प्रदेश के कई इलाकों में सर्द हवाओं के चलते सुबह और रात के समय गलन बढ़ गई है. डबोक में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री, जवाई में 3.6 डिग्री, बीकानेर में 3.5 डिग्री और प्रतापगढ़ में 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं फतेहपुर में रात का पारा 5.5 डिग्री, सीकर में 6.5 डिग्री और माउंट आबू में 7.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.

शेखावाटी से बीकानेर तक शीतलहर का असर:
उत्तरी पहाड़ी इलाकों से आ रही सर्द हवाओं का सबसे ज्यादा असर शेखावाटी अंचल सहित नागौर और बीकानेर में देखने को मिल रहा है. इन क्षेत्रों में शीतलहर चलने से रात के साथ सुबह भी कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है. तापमान में अचानक आई गिरावट ने लोगों को गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया है.

अगले सात दिन और सताएगी सर्दी:
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में आगामी एक सप्ताह के दौरान सर्दी का असर और तेज होने की संभावना है. आसमान साफ रहने के कारण रात के तापमान में अभी और गिरावट आ सकती है. ऐसे में प्रदेशवासियों को आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है.