
जयपुर: राजस्थान की राजनीति में जाट वोट बैंक हमेशा से सत्ता के समीकरणों को प्रभावित करता रहा है. कांग्रेस और भाजपा, दोनों के लिए जाट समाज का समर्थन राजनीतिक दृष्टि से अहम रहा है. लेकिन इन दिनों भाजपा के भीतर जाट नेतृत्व और जाट वोट बैंक को लेकर चर्चाओं का दौर गर्म है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के मुकाबले भाजपा के पास ऐसा कौन सा जाट चेहरा है, जिसकी प्रदेशव्यापी राजनीतिक पकड़ और प्रभाव की तुलना की जा सके?
राजनीतिक चर्चाओं में यह सवाल भी उठ रहा है कि भाजपा के पास जाट समाज से आने वाले कई बड़े चेहरे और सत्ता में प्रतिनिधित्व होने के बावजूद पार्टी को इस वर्ग में अपेक्षित राजनीतिक समर्थन क्यों नहीं मिल पा रहा है?
सरकार में चार जाट मंत्री, लेकिन राजनीतिक प्रभाव को लेकर सवाल:
भाजपा की भजनलाल शर्मा सरकार में जाट समाज से आने वाले कई नेताओं को जिम्मेदारी मिली है. इनमें कन्हैया लाल चौधरी, सुमित गोदारा, झाबर सिंह खर्रा और विजय सिंह चौधरी के नाम प्रमुख हैं. चारों नेताओं की सरकार में अलग-अलग भूमिका है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि क्या ये सभी चेहरे मिलकर प्रदेश में जाट समाज के बीच वैसा राजनीतिक प्रभाव बना पा रहे हैं, जैसा कांग्रेस में गोविंद सिंह डोटासरा का माना जाता है?
भाजपा के पास बड़े जाट चेहरे, फिर भी नेतृत्व का सवाल बरकरार:
भाजपा में जाट नेतृत्व की बात करें तो सतीश पूनियां, भागीरथ चौधरी, कैलाश चौधरी और सीआर चौधरी जैसे नाम सामने आते हैं. सतीश पूनियां को अगस्त 2026 में भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया. वहीं भागीरथ चौधरी केंद्र सरकार में मंत्री हैं. कैलाश चौधरी भी राजस्थान भाजपा के प्रमुख जाट नेताओं में गिने जाते रहे हैं.
दूसरी ओर सीआर चौधरी को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं होती रही हैं. ऐसे में भाजपा के पास नेताओं की कमी नहीं है, लेकिन इन चेहरों की राजनीतिक सक्रियता और प्रदेश में जाट समाज के साथ उनके जुड़ाव को लेकर सवाल उठते रहते हैं.
सतीश पूनियां की राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी और दूसरे राज्यों में संगठनात्मक गतिविधियों के बीच राजस्थान में उनकी भूमिका भी चर्चा का विषय बनी हुई है.
हनुमान बेनीवाल ने बिगाड़े दोनों पार्टियों के समीकरण?
इस पूरे राजनीतिक विमर्श में नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रमुख हनुमान बेनीवाल का नाम सबसे अहम तरीके से सामने आता है. बेनीवाल ने जाट राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई है. राजनीतिक विश्लेषणों में पहले भी यह बात सामने आती रही है कि बेनीवाल की पार्टी ने कई चुनावों में कांग्रेस से ज्यादा भाजपा के जाट वोटों को प्रभावित किया.