राजस्थान में मंत्रिमंडल फेरबदल की आहट! पंचायत चुनाव में हार के बाद दिल्ली दरबार में मंथन, 17 मंत्रियों के क्षेत्रों में BJP को झटका; कई मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी

राजस्थान में पंचायत चुनावों में भाजपा के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अब प्रदेश की भजनलाल सरकार में मंत्रिमंडल फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है. चुनावी नतीजों ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को भी चिंतन और समीक्षा के लिए मजबूर कर दिया है. पार्टी के भीतर अब इस बात पर मंथन चल रहा है कि आखिर सरकार और संगठन से कहां चूक हुई और इसकी जिम्मेदारी किसकी तय की जाए.
विस्तार में

जयपुर: राजस्थान में पंचायत चुनावों में भाजपा के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अब प्रदेश की भजनलाल सरकार में मंत्रिमंडल फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है. चुनावी नतीजों ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को भी चिंतन और समीक्षा के लिए मजबूर कर दिया है. पार्टी के भीतर अब इस बात पर मंथन चल रहा है कि आखिर सरकार और संगठन से कहां चूक हुई और इसकी जिम्मेदारी किसकी तय की जाए.

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यदि शीर्ष नेतृत्व से मंत्रिमंडल फेरबदल को हरी झंडी मिलती है तो सरकार में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. चुनाव में हार का सामना करने वाले इक्का-दुक्का मंत्रियों को छोड़कर अधिकांश मंत्रियों के प्रदर्शन की समीक्षा की जा सकती है. कमजोर प्रदर्शन वाले मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बाहर करने और नए चेहरों को मौका देने पर भी विचार संभव है. हालांकि, अभी तक मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.

17 मंत्रियों के चुनाव क्षेत्रों में भाजपा को हार:
पंचायत चुनाव के नतीजों ने भाजपा की चिंता बढ़ा दी है. खास बात यह है कि प्रदेश के 17 मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्रों में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है. ऐसे में मंत्रियों की अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता और चुनाव के दौरान उनकी भूमिका भी समीक्षा के दायरे में आ सकती है.

मंत्रियों-विधायकों के साथ संगठन की भी होगी समीक्षा:
भाजपा के भीतर केवल मंत्रियों और विधायकों की भूमिका ही नहीं, बल्कि जिला स्तर पर संगठन की कमजोरियों का भी विश्लेषण किया जा रहा है. कई जिलों में संगठनात्मक तालमेल की कमी, टिकट वितरण को लेकर नाराजगी और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता जैसे मुद्दे सामने आए हैं.

भजनलाल शर्मा और मदन राठौड़ की भूमिका पर भी नजर:
चुनावी हार के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी पार्टी नेताओं के साथ समीक्षा बैठकों का दौर शुरू किया है. केंद्रीय नेतृत्व ने चुनाव परिणामों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. मंत्रियों, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों के प्रदर्शन का आकलन किए जाने की चर्चा है.

आखिर अकेले क्या-क्या कर सकते थे भजनलाल शर्मा और मदन राठौड़!:
राजनीतिक विश्लेषण के बीच भाजपा के भीतर यह सवाल भी उठ रहा है कि चुनाव में जीत की जिम्मेदारी केवल मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की ही क्यों हो? फिलहाल राजस्थान भाजपा में चुनावी हार के कारणों की पड़ताल जारी है. अब सबकी निगाहें दिल्ली के शीर्ष नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं.