सुखबीर बादल का AAP-कांग्रेस पर हमला, बोले- 'दोनों ने पंजाब को बर्बाद किया', BJP के साथ गठबंधन को बताया राज्य के हितों का फैसला

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने एक बार फिर साथ आने का ऐलान कर दिया है. दिल्ली में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने इस गठबंधन को महज राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव बताया. उन्होंने कहा कि भाजपा और अकाली दल का रिश्ता अटूट है और दोनों दलों के बीच संबंध बेहद गहरे हैं.
विस्तार में

नई दिल्ली: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने एक बार फिर साथ आने का ऐलान कर दिया है. दिल्ली में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने इस गठबंधन को महज राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव बताया. उन्होंने कहा कि भाजपा और अकाली दल का रिश्ता अटूट है और दोनों दलों के बीच संबंध बेहद गहरे हैं.

सुखबीर सिंह बादल ने अपने दिवंगत पिता का जिक्र करते हुए कहा कि वह हमेशा कहा करते थे कि अकाली दल और भाजपा का रिश्ता अटूट है. यह संबंध केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी जड़ें बहुत गहरी हैं.

'गठबंधन पंजाब, देश और सिख समुदाय के हित में':
सुखबीर बादल ने कहा कि यह गठबंधन पंजाब के हित, देश के हित और सिख समुदाय के हित में किया गया है. उन्होंने पुराने गठबंधन के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों दलों के साथ रहने के दौरान पंजाब में कई सरकारें बनीं और राज्य ने तरक्की की. उस दौर में पंजाब में शांति और भाईचारा कायम रहा.

'अकाली दल भारत के इतिहास की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी':
अकाली दल की ऐतिहासिक भूमिका पर बात करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल कोई नई राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि भारत के इतिहास की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी है.

पंजाब में विकास, शांति और भाईचारा बहाल करने का संकल्प:
सुखबीर बादल ने कहा कि गठबंधन का उद्देश्य पंजाब को दोबारा विकास की राह पर लाना है. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में राज्य में विकास की स्थिति चिंताजनक है. आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने दोनों पार्टियों को पंजाब की बदहाली के लिए जिम्मेदार ठहराया.