जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की अंदरूनी कलह बेनकाब, अपने ही सदस्यों ने बिगाड़ा जीत का गणित!

जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी, आपसी खींचतान और संगठनात्मक कमजोरी को एक बार फिर उजागर कर दिया है. चुनाव में कांग्रेस को अपने जीते हुए सदस्यों की संख्या के मुकाबले करीब 40 वोट कम मिले. वहीं, भाजपा को अपने सदस्यों की संख्या से 81 अतिरिक्त वोट मिलने का दावा किया जा रहा है. इन आंकड़ों ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है. सवाल उठने लगे हैं कि आखिर कांग्रेस अपने ही निर्वाचित सदस्यों का समर्थन हासिल करने में क्यों नाकाम रही?
विस्तार में

जयपुर: जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी, आपसी खींचतान और संगठनात्मक कमजोरी को एक बार फिर उजागर कर दिया है. चुनाव में कांग्रेस को अपने जीते हुए सदस्यों की संख्या के मुकाबले करीब 40 वोट कम मिले. वहीं, भाजपा को अपने सदस्यों की संख्या से 81 अतिरिक्त वोट मिलने का दावा किया जा रहा है. इन आंकड़ों ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है. सवाल उठने लगे हैं कि आखिर कांग्रेस अपने ही निर्वाचित सदस्यों का समर्थन हासिल करने में क्यों नाकाम रही?

कई जिलों में कांग्रेस के सदस्यों की संख्या और पार्टी को मिले वोटों के बीच बड़ा अंतर सामने आया है. यह अंतर केवल चुनावी हार-जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी के भीतर अनुशासन, समन्वय और नेतृत्व की पकड़ पर भी सवाल खड़े करता है.

डीग में आधे रह गए कांग्रेस के वोट:
क्रॉस वोटिंग और भीतरघात की सबसे बड़ी तस्वीर डीग में सामने आई, जहां कांग्रेस के 14 सदस्य होने के बावजूद पार्टी को महज 7 वोट मिले. यानी आधे सदस्यों का समर्थन भी कांग्रेस को नहीं मिल पाया.

बीकानेर में 30 सदस्य होने के बावजूद कांग्रेस को 23 वोट मिले. धौलपुर में 21 सदस्यों के मुकाबले पार्टी को केवल 15 वोट हासिल हुए. भरतपुर और चूरू में भी कांग्रेस को 4-4 वोट का नुकसान उठाना पड़ा.

सीकर में 36 सदस्यों के मुकाबले कांग्रेस को 33 वोट मिले. वहीं अलवर और उदयपुर में पार्टी को 2-2 वोट कम मिले. अजमेर, झुंझुनूं, बूंदी और प्रतापगढ़ में भी कांग्रेस को एक-एक वोट का नुकसान हुआ.

कई जिलों के नतीजों ने बढ़ाई नेतृत्व की चिंता:
इन आंकड़ों से साफ है कि कांग्रेस को केवल राजनीतिक विरोधियों से चुनौती नहीं मिली, बल्कि पार्टी के भीतर भी एकजुटता की कमी भारी पड़ी. जिन सदस्यों के दम पर पार्टी जिला प्रमुख पद पर जीत की रणनीति बना रही थी, उन्हीं सदस्यों के वोट दूसरे खेमे में जाने की आशंका ने पूरी रणनीति को कमजोर कर दिया.

हार से बड़ा सवाल, आखिर अपनों पर भरोसा क्यों नहीं कायम रख पाई कांग्रेस?
जिला प्रमुख चुनाव कांग्रेस के लिए महज कुछ पदों पर हार का मामला नहीं है. यह संगठन की जमीनी पकड़, नेतृत्व की विश्वसनीयता और आंतरिक अनुशासन की भी परीक्षा थी. नतीजों ने बता दिया कि चुनावी रणनीति बनाने और अपने ही निर्वाचित सदस्यों को साथ लेकर चलने में पार्टी को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ा.