
जयपुर: राजस्थान भाजपा में चुनावी नतीजों को लेकर पार्टी के भीतर मंथन तेज हो गया है. दिल्ली में हुई भाजपा की बैठक में परिणामों को लेकर पार्टी आलाकमान ने अपनी नाराजगी जाहिर की है. इसके बाद प्रदेश भाजपा संगठन की ओर से भी हार के कारणों को लेकर रिपोर्ट तैयार कर शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाई गई है. इस रिपोर्ट में सबसे अहम मुद्दा टिकट वितरण में विधायकों की भूमिका को बताया गया है.
सूत्रों के मुताबिक, संगठन के नेताओं ने अपनी रिपोर्ट में साफ तौर पर कहा है कि टिकट वितरण के दौरान विधायकों की राय को जरूरत से ज्यादा तवज्जो दी गई. कई सीटों पर टिकट चयन विधायकों के कहने के आधार पर किया गया. संगठन की ओर से यह भी माना गया कि टिकट वितरण में स्थानीय संगठन और जमीनी फीडबैक की अपेक्षित भूमिका नहीं रही.
विधायकों के फीडबैक पर उठे सवाल:
रिपोर्ट में टिकट चयन प्रक्रिया को लेकर दो प्रमुख बातें सामने रखी गई हैं. पहली, विधायकों के कहने पर टिकट बांटे गए. दूसरी, टिकट तय करते समय विधायकों की राय को प्राथमिकता दी गई. संगठन का मानना है कि इस प्रक्रिया का चुनावी नतीजों पर असर पड़ा और कई जगह पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी.
आलाकमान सीधे रिपोर्ट पर नहीं लगा रहा मुहर:
हालांकि प्रदेश संगठन की ओर से भेजी गई रिपोर्ट को शीर्ष नेतृत्व फिलहाल जांच-परख रहा है. आलाकमान केवल प्रदेश संगठन के निष्कर्षों के आधार पर कोई अंतिम राय बनाने के बजाय पूरे मामले के अलग-अलग पहलुओं को समझना चाहता है. यही वजह है कि चुनाव प्रभारियों से भी अतिरिक्त रिपोर्ट मांगी गई है.
अब प्रभारियों की रिपोर्ट पर टिकी नजरें:
दिल्ली में हुई बैठक के बाद राजस्थान भाजपा में जवाबदेही और समीक्षा का दौर तेज होने के संकेत हैं. शीर्ष नेतृत्व यह जानना चाहता है कि हार के पीछे टिकट वितरण की प्रक्रिया जिम्मेदार रही या फिर स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक कमजोरी, नेताओं की आपसी खींचतान और चुनावी रणनीति में कमी भी इसकी वजह बनी.