जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस का अनोखा सियासी गणित! 3 जिलों में आज IN, दो जिलों में OUT; 24 जिला प्रमुख तो 25 उप जिला प्रमुख बनाए

राजस्थान में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस के सियासी गणित की दिलचस्प तस्वीर पेश की है. दोनों पदों के चुनाव में कई जिलों में राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आए. कांग्रेस ने जहां जिला प्रमुख चुनाव में 24 जिलों में जीत दर्ज की, वहीं उप जिला प्रमुख के चुनाव में 25 जिलों में अपना प्रत्याशी जिताने में सफलता हासिल की.
विस्तार में

जयपुर: राजस्थान में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस के सियासी गणित की दिलचस्प तस्वीर पेश की है. दोनों पदों के चुनाव में कई जिलों में राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आए. कांग्रेस ने जहां जिला प्रमुख चुनाव में 24 जिलों में जीत दर्ज की, वहीं उप जिला प्रमुख के चुनाव में 25 जिलों में अपना प्रत्याशी जिताने में सफलता हासिल की.

सबसे दिलचस्प बात यह रही कि जिन तीन जिलों में कांग्रेस कल जिला प्रमुख नहीं बना पाई थी, वहां आज उप जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल कर ली. वहीं दो ऐसे जिले भी रहे, जहां कांग्रेस ने कल जिला प्रमुख बनाया, लेकिन आज उप जिला प्रमुख पद पर उसे हार का सामना करना पड़ा.

तीन जिलों में कल OUT, आज IN:
डीडवाना-कुचामन, डीग और चूरू में कांग्रेस जिला प्रमुख का चुनाव नहीं जीत पाई थी. लेकिन उप जिला प्रमुख चुनाव में पार्टी ने इन तीनों जिलों में वापसी की.
-डीडवाना-कुचामन: कांग्रेस के हितेश्वर कुमार जाखड़ ने 22 वोट हासिल कर भाजपा के महेंद्र चौधरी को हराया.
-डीग: उप जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस ने जीत दर्ज कर जिला प्रमुख चुनाव की हार के बाद अपना खाता खोला.
-चूरू: कांग्रेस के छोटूलाल मेघवाल ने भाजपा के नरेश सहारण को 21-18 से हराकर तीन वोटों से जीत दर्ज की.

दो जिलों में कल IN, आज OUT:
दूसरी तरफ सलूंबर और ब्यावर में कांग्रेस के लिए तस्वीर उलट रही. इन दोनों जिलों में कांग्रेस ने जिला प्रमुख का पद हासिल किया था, लेकिन उप जिला प्रमुख चुनाव में पार्टी को सफलता नहीं मिली.
-सलूंबर: यहां BAP के सुरेश कुमार सोनू 12 वोट हासिल कर उप जिला प्रमुख बने. कांग्रेस के समर्थन से BAP को जीत मिली.
-ब्यावर: यहां भाजपा के टीकम सिंह ने 15 वोट हासिल किए, जबकि कांग्रेस को 12 वोट मिले. इस तरह उप जिला प्रमुख की कुर्सी भाजपा के खाते में गई.

24 जिला प्रमुख और 25 उप जिला प्रमुख:
दोनों चुनावों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कांग्रेस ने जिला प्रमुख के 24 पद हासिल किए, जबकि उप जिला प्रमुख के चुनाव में उसकी संख्या बढ़कर 25 हो गई. यानी उप जिला प्रमुख के पदों पर कांग्रेस को जिला प्रमुखों की तुलना में एक अतिरिक्त सफलता मिली.