राजस्थान में उप जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों से बदली सियासी तस्वीर, कांग्रेस का दबदबा बरकरार तो कई जिलों में BJP ने चौंकाया; कहीं क्रॉस वोटिंग तो कहीं लॉटरी से हुआ फैसला

राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव के बाद अब उप जिला प्रमुख पदों के नतीजों ने प्रदेश की सियासत में नई तस्वीर पेश की है. उप जिला प्रमुख के चुनाव के दौरान कांग्रेस ने कई जिलों में अपनी ताकत दिखाई, वहीं भाजपा ने भी कुछ जिलों में जीत दर्ज कर अपनी मौजूदगी साबित की. इसके अलावा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने भी कुछ जिलों में उप जिला प्रमुख पद हासिल किए.
विस्तार में

जयपुर: राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव के बाद अब उप जिला प्रमुख पदों के नतीजों ने प्रदेश की सियासत में नई तस्वीर पेश की है. उप जिला प्रमुख के चुनाव के दौरान कांग्रेस ने कई जिलों में अपनी ताकत दिखाई, वहीं भाजपा ने भी कुछ जिलों में जीत दर्ज कर अपनी मौजूदगी साबित की. इसके अलावा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने भी कुछ जिलों में उप जिला प्रमुख पद हासिल किए.

इन चुनावों में कहीं एकतरफा मुकाबला देखने को मिला तो कहीं बेहद करीबी टक्कर रही. पाली में क्रॉस वोटिंग ने चुनावी गणित बदल दिया, जबकि बालोतरा में भाजपा और कांग्रेस के बराबर वोट मिलने के बाद लॉटरी से उप जिला प्रमुख का फैसला हुआ.

कांग्रेस ने इन जिलों में दर्ज की जीत:
कांग्रेस ने जयपुर, सिरोही, टोंक, भीलवाड़ा, बूंदी, झुंझुनूं, चित्तौड़गढ़, जालोर, भरतपुर, हनुमानगढ़, राजसमंद, चूरू, बीकानेर, डीडवाना-कुचामन, सवाई माधोपुर और जोधपुर में उप जिला प्रमुख पद पर जीत दर्ज की.

-जयपुर: कांग्रेस के सुनील कुमावत उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुए. कुल 57 सदस्यों में से 55 ने मतदान किया. RLP के दोनों सदस्य वोट डालने नहीं पहुंचे.
-सिरोही: कांग्रेस के लखमाराम गरासिया को पूरे 22 वोट मिले, जबकि भाजपा की दुर्गा कुमारी माली को 5 वोट मिले.
-टोंक: कांग्रेस के आशाराम धाकड़ ने 26 वोट हासिल कर भाजपा प्रत्याशी को 21 मतों से हराया.
-भीलवाड़ा: कांग्रेस की सुनीता देवी कौशिक ने भाजपा के अविनाश को 30-15 के अंतर से हराया.
-बूंदी: कांग्रेस के उच्छब धाकड़ 15 वोटों से विजयी हुए. भाजपा के बिंटू मेघवाल को हार का सामना करना पड़ा. खास बात यह है कि बूंदी में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पदों पर कांग्रेस का कब्जा रहा. जिला प्रमुख हंसा गुर्जर ने भी 20 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी.
-झुंझुनूं: कांग्रेस के आशुतोष ने भाजपा के बल्लाराम को हराकर उप जिला प्रमुख पद हासिल किया. कांग्रेस ने यहां जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पदों पर जीत दर्ज की.
-चित्तौड़गढ़: कांग्रेस के रामेश्वर लाल धाकड़ को 28 वोट मिले, जबकि भाजपा की चंद्री बाई को 7 वोट मिले. जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने धाकड़ को कंधों पर उठाकर जश्न मनाया.
-जालोर: कांग्रेस की ममता विश्नोई 31 वोट हासिल कर उप जिला प्रमुख बनीं. भाजपा प्रत्याशी को 12 वोट मिले.
-भरतपुर: कांग्रेस के राजेश ने भाजपा के दिनेश भातरा को 20-11 से हराया.
-हनुमानगढ़: कांग्रेस के रामकुमार स्वामी ने भाजपा के रजनीश कस्वां को 30-7 से शिकस्त दी. उन्हें अधिकारियों ने शपथ दिलाई.
-चूरू: कांग्रेस के छोटूलाल मेघवाल ने भाजपा के नरेश सहारण को 21-18 से हराकर तीन वोटों से जीत दर्ज की.
-बीकानेर: कांग्रेस के मदन चौहान उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुए. वे कोलायत क्षेत्र से आते हैं और पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी के करीबी माने जाते हैं.
-डीडवाना-कुचामन: कांग्रेस के हितेश्वर कुमार जाखड़ को 22 वोट मिले, जबकि भाजपा के महेंद्र चौधरी को 13 वोट मिले.
-सवाई माधोपुर: कांग्रेस के मुकेश शर्मा देहात ने 25 वोट हासिल कर भाजपा के कालूराम गुर्जर को 4 वोटों पर रोक दिया.
-जोधपुर: कांग्रेस के ओमप्रकाश विश्नोई ने भाजपा के भाकरराम बावरी को 26 वोटों से हराया. उन्हें कुल 34 वोट मिले.

भाजपा ने इन जिलों में बनाई बढ़त:

कांग्रेस के साथ भाजपा ने भी कई जिला परिषदों में उप जिला प्रमुख पद पर जीत दर्ज की.
-अजमेर: भाजपा की सुनीता लांबा उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं. खास बात यह रही कि पहली बार जिला परिषद में महिला जिला प्रमुख और महिला उप जिला प्रमुख दोनों बनीं.
-ब्यावर: भाजपा के टीकम सिंह ने 15 वोट हासिल कर कांग्रेस के 12 वोटों के मुकाबले जीत दर्ज की. नवगठित जिला परिषद में कांग्रेस की ममता गुर्जर पहली जिला प्रमुख बनीं, जबकि भाजपा के टीकम सिंह पहले उप जिला प्रमुख बने.
-बांसवाड़ा: भाजपा की प्रियंका कंवर उप जिला प्रमुख बनीं. उन्होंने कांग्रेस की संगीता को हराया. यहां भाजपा को पहली बार उप जिला प्रमुख पद हासिल हुआ.
-बालोतरा: भाजपा के जसाराम प्रजापत ने लॉटरी के जरिए जीत दर्ज की. भाजपा और कांग्रेस दोनों को 13-13 वोट मिले, जबकि RLP को 5 वोट मिले. बराबरी के बाद लॉटरी में भाजपा प्रत्याशी विजयी रहे.
-झालावाड़: भाजपा के कुशवंत नागर ने कांग्रेस के बालचंद नगर को तीन वोटों से हराया. भाजपा को 18 और कांग्रेस को 15 वोट मिले.

RLP और BAP ने भी दर्ज की जीत:
उप जिला प्रमुख चुनाव में क्षेत्रीय दलों ने भी अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई.
-नागौर: RLP की अंजू उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं. उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी उस्मान खान को हराया.
-सलूम्बर: BAP के सुरेश कुमार सोनू 12 वोट हासिल कर उप जिला प्रमुख बने. कांग्रेस के समर्थन से BAP को यह सफलता मिली. यहां जिला प्रमुख कांग्रेस का और उप जिला प्रमुख BAP का बना.
-प्रतापगढ़: BAP के रमेश मीणा ने कांग्रेस के दिनेश जाट को 13-11 से हराकर दो वोटों से जीत दर्ज की. भाजपा ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा और BAP को समर्थन दिया.

पाली में क्रॉस वोटिंग से बदला चुनावी गणित:
पाली जिला परिषद के उप जिला प्रमुख चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला. भाजपा के हेमंत गादाना को 22 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के करण सिंह मेड़तिया को महज 11 वोट मिले. यहां कांग्रेस के तीन वोट क्रॉस होने की चर्चा सामने आई. गौरतलब है कि जिला परिषद में भाजपा के 19 और कांग्रेस के 14 सदस्य निर्वाचित हुए थे. इसके बावजूद चुनाव परिणाम ने कांग्रेस के लिए कई सवाल खड़े कर दिए.