VIDEO: जयपुर में ‘रंग दे गुलाबी 2.0’ अभियान, 13 जोन में 617 दीवारों पर हुई वॉल पेंटिंग, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए नगर निगम ने शनिवार को ‘रंग दे गुलाबी 2.0’ अभियान की शुरुआत की. इस अभियान के तहत शहर के सभी 13 जोन में 617 दीवारों को रंगों और कलात्मक चित्रों से सजाया गए. महापौर सुनील कोठारी और नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने त्रिमूर्ति सर्किल स्थित मूक-बधिर विद्यालय में बच्चों के साथ दीवारों पर रंग भरकर अभियान का शुभारंभ किया. अभियान में स्कूली विद्यार्थियों, कॉलेज छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों, पुलिस और सेना के जवानों सहित शहरवासियों ने भाग लिया.  

नगर निगम ने 13 जोन के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित:
-नगर निगम क्षेत्र में कुल 617 दीवारों पर उकेरी चित्रकारी 
-इनमें हवामहल-आमेर में 47, सिविल लाइंस में 50, किशनपोल में 60
-आदर्श नगर में 45, मालवीय नगर में 50, जगतपुरा में 45 झालाना में 45, झोटवाड़ा में -45, वैशाली नगर में 45, मानसरोवर में 35, सांगानेर में 50, मुरलीपुरा में 50 विद्याधर -नगर में 50 दीवारों को रंगों  से रंगा गया

दरअसल, इससे पहले 2 मई को जयपुर नगर निगम ने 24 घंटे में 600 से अधिक दीवारों को रंगने का अभियान चलाया था. इस पहल को सराहना मिली थी. अब उसी मुहिम को आगे बढ़ाते हुए ‘रंग दे गुलाबी 2.0’ शुरू किया गया है. अभियान की शुरुआत त्रिमूर्ति सर्किल स्थित मूक-बधिर स्कूल से हुई. महापौर सुनील कोठारी और कमिश्नर ओम कसेरा ने विद्यालय के बच्चों के साथ दीवारों पर रंग भरे. इस दौरान बच्चों ने सांकेतिक भाषा के माध्यम से आपसी तालमेल दिखाते हुए डांस भी किया. 

अभियान में महारानी कॉलेज की छात्राओं और यूपीएससी की तैयारी कर रही युवतियों ने भी भागीदारी निभाई. छात्राओं ने पारंपरिक जयपुरी गेरुआ रंग और राजस्थान की लोककला मांडणा के जरिए दीवारों को आकर्षक रूप देने की पहल की. उन्होंने बताया कि हम शहर की दीवारों पर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कला को प्रदर्शित करने की कोशिश कर रहे है. ताकि शिक्षा, कला और जनभागीदारी के इस संगम से सार्वजनिक स्थलों को नया रूप दिया जा सके.

पानीपेच चौराहे पर आईजी कार्यालय के पास पुलिस और सेना के जवानों ने भी दीवारों पर पेंटिंग कर अभियान में योगदान दिया. जवानों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए शहर को सुंदर बनाने का संदेश दिया. इसके अलावा माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, तिलक नगर सहित विभिन्न स्थानों पर विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने दीवारों की रंगाई और पेंटिंग में हिस्सा लिया. नगर निगम के सभी जोन में निर्धारित स्थानों पर भी वॉल पेंटिंग की गतिविधियां आयोजित की गई. 

नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने बताया कि रंग दे गुलाबी 2.0 सिर्फ दीवारों को रंगने तक सीमित नहीं है. इसके जरिए सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने, शहर की गुलाबी पहचान को मजबूत करने और नागरिकों को शहर के विकास में सहभागी बनाने का प्रयास किया जा रहा है. जिसमें सभी वर्ग और उम्र के लोग हमारा सहयोग कर रहे हैं.
दीपावली से पहले निगम का रंग दे गुलाबी अभियान आम जनता में अलग छाप छोड़ रहा है आगामी 31 तारीख को निगम का ऑपरेशन क्लीन स्वीप अभियान चलाया जाएगा, जिससे जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकें.