पश्चिमी राजस्थान में होंगे भारतीय वायुसेना के बड़े हवाई अभ्यास, 17 दिन के लिए जारी हुआ NOTAM

पश्चिमी राजस्थान में होंगे भारतीय वायुसेना के बड़े हवाई अभ्यास, 17 दिन के लिए जारी हुआ NOTAM

जयपुर : पश्चिमी राजस्थान में भारतीय वायुसेना के बड़े हवाई अभ्यास होंगे. वायुसेना के 21 सितंबर से 7 अक्टूबर तक हवाई अभ्यास होंगे. जिसका 17 दिन के लिए NOTAM जारी हुआ है. पश्चिमी राजस्थान के बड़े हिस्से का एयरस्पेस सैन्य गतिविधियों के लिए अस्थायी रूप से आरक्षित किया है.

जैसलमेर, बाड़मेर, फलौदी व जोधपुर के साथ बीकानेर के नाल क्षेत्र के आसपास का हवाई क्षेत्र भी शामिल है. रक्षा रिपोर्टों के अनुसार आरक्षित एयरस्पेस करीब 40 हजार फीट की ऊंचाई तक फैला है. इसके कुछ हिस्से अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी तक बताए गए हैं.

दो बड़े हवाई अभ्यासों की वायुसेना कर रही तैयारी:
ऐसे में पश्चिमी सीमा के आसमान में आने वाले दिनों में भारतीय और  मित्र देशों के लड़ाकू विमानों की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. भारतीय वायुसेना दो बड़े हवाई अभ्यासों की तैयारी कर रही है. पश्चिमी राजस्थान में होने वाली गतिविधियों के बीच भारत-जापान ‘वीर गार्जियन 2026’ और बहुराष्ट्रीय ‘तरंग शक्ति 2026’ अभ्यास चर्चा में है.

वीर गार्जियन 2026 के दौरान जापान के F-2A लड़ाकू विमान शामिल रहेंगे. विमानों के पहली बार किसी भारतीय एयरबेस से अभ्यास में शामिल होने की रिपोर्ट  है. यह अभ्यास जोधपुर में सितंबर में प्रस्तावित है. वहीं तरंग शक्ति 2026 को भारतीय वायुसेना का प्रमुख बहुराष्ट्रीय हवाई अभ्यास बताया जा रहा है. ताजा रिपोर्टों में इसके जोधपुर में सितंबर के अंत से अक्टूबर तक आयोजित होने की जानकारी आई सामने है.