जयपुर : मानसून की मेहर से बांधों का जल स्तर बढ़ रहा है. राजस्थान के बांधों में कुल भराव क्षमता का 47.29 प्रतिशत पानी है. बीते 48 घंटे के दौरान 11 सूखे बांधों में पानी की आवक शुरू हुई. बीते 24 घंटे में एक और बांध लबालब हुआ, संख्या 13 तक पहुंची है.
एक जून से अब तक 18 में सामान्य और 17 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है. जबकि फलोदी में असामान्य और पांच जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज हुई है. बता दें कि बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से राजस्थान में फिर मानसून एक्टिव हुआ है.
मानसून के तीसरे दौर में आज 22 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. प्रदेश में मानसून फिर एक्टिव होने से कई जिलों में झमाझम बारिश शुरू हो गई है. 30 और 31 जुलाई को भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. 2 अगस्त तक प्रदेशभर में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मंगलवार को टोंक समेत कई जिलों में 1 से 4 इंच बारिश दर्ज की गई.