कोटा में पैंथर की दहशत का अंत, सीवी गार्डन में सफलतापूर्वक किया गया रेस्क्यू, शहर के बीचोंबीच पैंथर की दस्तक ने खड़े किए सवाल

कोटा: शहर के सीवी गार्डन में घुसे पैंथर का वन विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया. पैंथर को ट्रेंक्यूलाइज करने के बाद वह मदहोशी की हालत में पेड़ के नीचे लगाए गए जाल में जा गिरा. इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित पिंजरे में डाल दिया. फिलहाल पैंथर को अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क ले जाया जा रहा है. वहां विशेषज्ञों की निगरानी में उसकी स्वास्थ्य जांच की जाएगी. स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करने के बाद ही उसे जंगल में छोड़ने को लेकर फैसला लिया जाएगा.

मॉर्निंग वॉक के दौरान दिखा था पैंथर:
इससे पहले मंगलवार सुबह सीवी गार्डन में उस समय हड़कंप मच गया, जब मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने गार्डन में तेंदुए जैसे जीव को देखा. लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पैंथर गार्डन के अंदर एक पेड़ पर चढ़कर करीब 35 फीट की ऊंचाई पर जा बैठा था.

सूचना मिलते ही एहतियातन गार्डन को खाली करवाकर उसके गेट बंद कर दिए गए. मौके पर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया और वन विभाग की टीम को भी बुलाया गया. पैंथर के पेड़ पर ऊंचाई पर बैठे होने के कारण उसे ट्रेंक्यूलाइज करना वन विभाग की टीम के लिए चुनौती बना हुआ था.

शहर के बीचोंबीच पैंथर की दस्तक ने खड़े किए सवाल:
कोटा शहर के बीचोंबीच पैंथर के पहुंचने की घटना ने एक बार फिर मानव बस्तियों के आसपास वन्यजीवों की बढ़ती मौजूदगी को लेकर सवाल खड़े किए हैं. विशेषज्ञों के मुताबिक जंगलों में बढ़ता मानवीय दखल और वन क्षेत्रों में बदलाव वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को प्रभावित कर रहा है, जिसके चलते शिकारी जीव कई बार आबादी वाले इलाकों में पहुंच जाते हैं. गौरतलब है कि इससे पहले भी दो-तीन बार पैंथर के कोटा शहर में आने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं.