नोटिस के बाद नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, बिना फायर NOC चल रहे कोचिंग संस्थानों पर निगम की सख्ती, देखिए खास रिपोर्ट

नोटिस के बाद नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, बिना फायर NOC चल रहे कोचिंग संस्थानों पर निगम की सख्ती, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः देश की राजधानी दिल्ली और कोचिंग संस्थानों में हुए बड़े हादसों के बाद भी जयपुर के कई कोचिंग संचालकों ने शायद कोई सबक नहीं लिया है. हालात यह हैं कि बिना फायर एनओसी के छात्रों की जान जोखिम में डालकर कोचिंग संस्थान संचालित किए जा रहे हैं. लगातार चेतावनी और नोटिस के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों पर अब नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है. निगम की फायर शाखा ने आज कार्रवाई करते हुए दो कोचिंग संस्थानों, एक लाइब्रेरी और एक होटल को सीज कर दिया. 

नगर निगम की फायर शाखा की ओर से कार्यवाही
रिद्धी सिद्धी स्थित दो कोचिंग संस्थानों को किया सीज
दोनों कोचिंग संस्थानों के पास नही थी फायर एनओसी
दोनों कोचिंग संस्थानों को निगम की ओर से दिए गए थे नोटिस
कोचिंग प्रयास और चिन्मय को नगर निगम की टीम ने किया सीज
वहीं धावास रोड स्थित होटल कर्मा सहित एक लाईब्रेरी को भी किया गया सीज

नगर निगम की फायर शाखा ने शहर में बिना फायर एनओसी संचालित हो रहे संस्थानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रिद्धी-सिद्धी क्षेत्र स्थित दो कोचिंग संस्थानों को सीज कर दिया. नगर निगम अधिकारियों के अनुसार कोचिंग "प्रयास" और "चिन्मय" को पहले भी फायर एनओसी नहीं होने के कारण नोटिस जारी किए गए थे. इन संस्थानों को सुरक्षा मानकों की पालना करने और आवश्यक फायर एनओसी प्राप्त करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समयावधि बीतने के बाद भी नियमों की पालना नहीं की गई. इसके बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संस्थानों को सीज कर दिया.चिंता की बात यह है कि इन कोचिंग संस्थानों में हर दिन बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई करने पहुंचते हैं. ऐसे में अगर किसी तरह की आगजनी या आपात स्थिति पैदा हो जाए तो छात्रों की सुरक्षा गंभीर खतरे में पड़ सकती है. बावजूद इसके कई संस्थान फायर सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज कर व्यापारिक गतिविधियां चला रहे हैं.नगर निगम की कार्रवाई केवल कोचिंग संस्थानों तक सीमित नहीं रही. फायर नियमों की अनदेखी करने पर धावास रोड स्थित होटल कर्मा को भी सीज किया गया. इसके अलावा एक लाइब्रेरी के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उसे बंद कराया गया. निगम अधिकारियों का कहना है कि जिन संस्थानों के पास फायर एनओसी नहीं होगी और जो सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.    

जयपुर में नगर निगम की यह कार्रवाई साफ संकेत है कि फायर सुरक्षा नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सवाल यह है कि जब नोटिस मिलने के बाद भी संस्थान नहीं चेते, तो छात्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा? फिलहाल निगम का दावा है कि ऐसे संस्थानों पर कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा.