VIDEO: इंटर कैडर ट्रांसफर से राजस्थान को मिली ब्यूरोक्रेसी में बड़ी राहत, 13 IAS अधिकारियों के यहां आने से इजाफा, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: राजस्थान में आईएएस अधिकारियों की कमी को दूर करने में इंटर कैडर ट्रांसफर एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरा है. पिछले कुछ वर्षों में विवाह के आधार पर हुए इंटर कैडर ट्रांसफर के जरिए अब तक 13 आईएएस अधिकारी राजस्थान कैडर में आ चुके हैं.  इससे लंबे समय से अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे अधिकारियों पर कुछ हद तक बोझ कम होने की उम्मीद है. हाल ही में त्रिपुरा कैडर की 2025 बैच की आईएएस मुद्रा रहेजा का राजस्थान कैडर में इंटर कैडर ट्रांसफर हुआ है. जिससे ब्यूरोक्रेट्स का बेड़ा फिर बढ़ा है.

त्रिपुरा कैडर की 2025 बैच की आईएएस मुद्रा रहेजा का विवाह राजस्थान कैडर के 2024 बैच के IPS सिद्धार्थ श्रीवास्तव से हुआ है. राजस्थान और त्रिपुरा सरकार की सहमति के बाद DoPT ने इस संबंध में आदेश जारी किए. अप्रैल 2026 में केंद्र सरकार की नियुक्ति संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति -ACC ने 2023 बैच की गुजरात कैडर की आईएएस अदिति वार्ष्णेय और 2020 बैच के असम-मेघालय कैडर के आईएएस अभिषेक जैन के राजस्थान कैडर में इंटर कैडर ट्रांसफर को मंजूरी दी.

अदिति का विवाह राजस्थान कैडर के 2023 बैच के आईएएस माधव भारद्वाज से, जबकि अभिषेक का विवाह 2024 बैच की आईएएस आराधना चौहान से हुआ है. इससे पहले गुजरात कैडर की 2023 बैच की आईएएस प्रतिभा दहिया का राजस्थान कैडर में इंटर कैडर ट्रांसफर हुआ. उन्होंने राजस्थान कैडर के 2022 बैच के आईएएस यक्ष चौधरी से विवाह किया है.

1 अक्टूबर 2025 को 2021 बैच की आईएएस शैलजा पांडे का बिहार कैडर से राजस्थान कैडर में ट्रांसफर हुआ. उनका विवाह राजस्थान के आईएफओएस अधिकारी गौरव गर्ग से हुआ है.इसके साथ राजस्थान कैडर में इंटर कैडर ट्रांसफर के जरिए आने वाले अधिकारियों में 2024 बैच की छाया सिंह (मध्य प्रदेश), 2021 बैच के आशीष कुमार मिश्रा (उत्तराखंड), 2018 बैच की निधि पटेल (हिमाचल प्रदेश), 2020 बैच के जेयदेव सी.एस. (उत्तर प्रदेश), 2021 बैच की रश्मि रानी (तमिलनाडु) और 2022 बैच की सोनिका कुमारी (पश्चिम बंगाल) भी शामिल हैं. इन सभी के ट्रांसफर का प्रमुख आधार विवाह रहा.

19 जून 2025 को 2022 बैच की त्रिपुरा कैडर की आईएएस चारू का राजस्थान कैडर के 2020 बैच के आईपीएस सुजीत शंकर से विवाह के आधार पर  राजस्थान सरकार में इंटर कैडर ट्रांसफर हुआ है.

27 जून 2025 को 2023 बैच की तेलंगाना कैडर की आईएएस गरिमा नरूला का राजस्थान में इंटर कैडर ट्रांसफर हुआ. गरिमा का विवाह राजस्थान कैडर के 2023 बैच के आईपीएस रजत यादव से हुआ है.

अधिकतर मामलों में विवाह बना आधार: 
राजस्थान में हुए अधिकतर इंटर कैडर ट्रांसफर विवाह के आधार पर स्वीकृत किए गए हैं. नियमों के अनुसार यदि पति-पत्नी अलग-अलग राज्य कैडर की अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारी हों तो केंद्र सरकार दोनों राज्यों की सहमति के बाद एक ही राज्य कैडर में पदस्थापन की अनुमति देती है.

हालांकि इंटर कैडर ट्रांसफर और डेप्यूटेशन से राजस्थान को राहत मिली है, लेकिन प्रदेश में आईएएस अधिकारियों के स्वीकृत पदों की तुलना में अभी भी कमी बनी हुई है. कई जिलों और विभागों में अधिकारी अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं. अभी राजस्थान सरकार और केंद्रीय डेप्यूटेशन मिलाकर 282 आईएएस राजस्थान कैडर में हैं.