जयपुर : आज पंचायतीराज आम चुनाव के प्रथम चरण का मतदान है. जयपुर में 797 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक आज मतदान होगा. जिले की 8 पंचायत समितियों एवं जिला परिषद के वार्डों में मतदान होगा. प्रथम चरण में मतदान दल पांच दिन और चार रात मतदान बूथ पर रहेंगे.
आज जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए ईवीएम से मतदान होगा. कल 23 अक्टूबर को ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया है. 24 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए बैलेट पेपर से मतदान होगा. 25 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा.
प्रथम चरण में आज चौमूं, दूदू, गोविंदगढ़, झोटवाड़ा, जोबनेर, किशनगढ़ रेनवाल, मौजमाबाद और सांभर पंचायत समितियों के 146 वार्डों तथा जिला परिषद के 22 वार्डों में मतदान होगा. प्रथम चरण में कुल 7 लाख 43 हजार 640 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 3 लाख 84 हजार 195 पुरुष तथा 3 लाख 59 हजार 445 महिला मतदाता शामिल हैं.