नई दिल्ली: केद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली को ₹8,941 करोड़ रुपए की सौगात दी. 43 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. अमित शाह ने यमुना नदी के पुनरुद्धार के उद्देश्य से दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की अनेक परियोजनाओं का उद्घाटन किया और उनकी आधारशिला रखी. इन परियोजनाओं की कुल लागत ₹8,941 करोड़ है.केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं आज दिल्ली की जनता को कहने आया हूं कि दिल्ली की सरकार बनते ही हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 ही महीने में एक बड़ी बैठक बुलाकर यमुना जी को शुद्ध करने की उनकी संकल्पना दिल्ली सरकार और गृह मंत्रालाय के सामने उन्होंने रखी थी. मुझे खुशी है कि इतने कम समय में हमने 40 प्रतिशत से ज्यादा मजल काटने का काम कर लिया है. आज ये 9 हजार करोड़ की योजना में गंदे पानी को शुद्ध करने और कई प्रकार के पीने के पानी की योजना का आज लोकार्पण और भूमिपूजन भी हो रहा है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियां होती हैं जो बहाने की राजनीति करती हैं. इससे पहले AAP पार्टी की सरकार थी, कांग्रेस की सरकार थी. वो बहाने बनाते थे कि हमें यह मदद नहीं मिली, वह मदद नहीं मिली. केजरीवाल जी मेरे पास आपकी हर बात का जवाब है मगर मैं जवाब तब दूंगा जब पंजाब में भी AAP सरकार को हम उखाड़कर फेंक देंगे. आपने आंदोलन के नाम पर सत्ता हथियाकर भ्रष्टाचार करने के अलावा कुछ नहीं किया. कूड़े के पहाड़ों के नाम पर राजनीति करते रहे और हमने कूड़े के पहाड़ों को नीचे लाने का काम किया है और मैं आज यह कहकर जाता हूं कि 2 साल बाद आपको वहां बगीचा दिखाई देगा.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि केजरीवाल जी आपने 3 बार यमुना में डुबकी लगाने का झूठा वादा किया. आपने तो डुबकी नहीं लगाई लेकिन आपके कटआउट को डुबकी लगवाई तो वो भी बीमार हो गया और AIIMS में भर्ती करना पड़ा. यमुना के शुद्धिकरण के लिए आपने कुछ काम नहीं किया.विश्व स्तरीय काम भाजपा की सरकार ने किया है और 3 साल का एक एक्शन प्लान हमने बनाया है. हम दिल्ली के हर घर को गटर के पानी के सीवरेज का कनेक्शन देंगे और हर घर में शुद्ध पीने का पानी पहुंचाने का काम भी भाजपा करेगी.