फलौदी: फलौदी के लोहावट से बड़ी खबर मिल रही है. बोरवेल में फंसे 9 वर्षीय भोमाराम मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. मासूम भोमाराम को 39 घंटे बाद बोरवेल से बाहर निकाला गया, लेकिन जिंदगी की जंग भोमाराम हार गया. 9 वर्षीय भोमाराम का निधन हो गया. शव लोहावट अस्पताल लाया गया.
आपको बता दें कि जोधपुर संभाग लोहावट क्षेत्र की पूनियों की ढाणी में बोरवेल में गिरे मासूम भोमाराम को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी था. गुरुवार दोपहर साढ़े 12 बजे शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान रातभर चलता रहा, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद अब तक सफलता नहीं मिल पाई है.
मासूम को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पुलिस, प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार जुटी हुई थी. रेस्क्यू अभियान के दौरान रातभर 150 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी मौके पर तैनात रहे. सभी टीमें आपसी समन्वय के साथ मासूम को बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किया. जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह लगातार पूरे अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे थे.
वहीं पुलिस अधीक्षक आदित्य काकड़े भी मौके के हालात पर नजर बनाए हुए थे. संभागीय आयुक्त केएल स्वामी और पुलिस महानिरीक्षक सत्येंद्र सिंह भी रेस्क्यू ऑपरेशन का पल-पल का अपडेट ले रहे थे. एसडीआरएफ के उपाधीक्षक जग्गू राम पूनिया और एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडेंट प्रवीण कुमार अपनी-अपनी टीमों के साथ रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए थे.
इसके अलावा लोहावट विकास अधिकारी रूपसिंह भाटी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे. पुलिस इंस्पेक्टर जमील खान भी पुलिस टीम के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग किया. प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मासूम को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास किया. पूरे क्षेत्र में मासूम के सुरक्षित बाहर आने की उम्मीद के बीच रेस्क्यू अभियान जारी था.