भरतपुर : भांजी की शोक सभा में शामिल होने जा रहे परिवार का मथुरा के पास एक्सीडेंट हो गया है. बेकाबू स्कूल बस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे से टक्कर मारी. हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई है वहीं 16 लोग घायल हो गए हैं. कुम्हेर थाना क्षेत्र के अधैया खुर्द गांव से यूपी अलीगढ़ हरदपुर गांव शोकसभा में सभी शामिल होने जा रहे थे.
बिचपुरी चौकी के पास तेज रफ्तार स्कूल बस ने पीछे से यात्रियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई. हादसे में अधैया खुर्द निवासी दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई.
जबकि एक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान अधैया निवासी रजनी पत्नी अजय, शशि पत्नी नरेंद्र और गुड्डी पत्नी श्यामवीर के रूप में हुई है. सभी घायलों को भरतपुर के आरबीएम तथा निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.