Jodhpur Borewell Incident: मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने घटनास्थल पर पहुंचकर लिया रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा, कहा- प्रशासन मासूम को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा

जोधपुर: लोहावट क्षेत्र की पूनियों की ढाणी में मासूम भूमाराम के बोरवेल में गिरने की घटना के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है. इसी बीच कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान का जायजा लिया. उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. साथ ही पुलिस और प्रशासन की ओर से मासूम को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली.

मंत्री खींवसर ने जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक आदित्य काकड़े से पूरे घटनाक्रम का फीडबैक लिया. उन्होंने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों द्वारा चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की. इसके अलावा जालोर जिले के बागोड़ा से पहुंची माधोराम सुथार की टीम के सदस्यों से संवाद कर उनके प्रयासों के बारे में जाना. 

मंत्री ने कहा कि घटना के बाद से पुलिस और प्रशासन की टीमें मासूम को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही हैं. प्रशासन ने अपने स्तर पर कोई कसर नहीं छोड़ी है. हालांकि, होनी-अनहोनी किसी के हाथ में नहीं होती, लेकिन ऐसी घटनाओं से सबक लेना बेहद जरूरी है, उन्होंने भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया. 

खुले और अनुपयोगी बोरवेल से होने वाले खतरों को गंभीरता से लेते हुए उनकी रोकथाम के लिए जागरूकता और आवश्यक सुरक्षा उपायों को महत्वपूर्ण बताया. घटनास्थल पर एसडीएम निधि उडासरिया सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे. 

कांग्रेस नेता अनुजा बिश्नोई, भाजपा नेता भागीरथ बिश्नोई समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर उपस्थित रहे और रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली, मासूम को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए जारी प्रयासों के बीच घटनास्थल पर प्रशासनिक अमला और बचाव दल लगातार जुटे हुए हैं.