कोटा: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे. ओम बिरला कोटा बस हादसे के घायलों से मिलने पहुंचे. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर आज सुबह बस हादसा हुआ था. हादसे में हुई 8 लोगों की मौत जबकि करीब 15 लोग घायल हुए. घायलों को न्यू मेडिकल कॉलेज और MBS अस्पताल में भर्ती कराया गया. न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्रिंसिपल को पुख्ता उपचार देने के निर्देश दिए. कलेक्टर पीयूष समारिया, रेंज IG हरेंद्र महावर, SP तेजस्विनी गौतम और ग्रामीण SP सुजीत शंकर भी साथ में मौजूद रहे.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया दु:ख:
इस हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दु:ख जताते हुए कहा कि मिनी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है. संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के दिशा-निर्देश दिए हैं. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें. शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें. मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.
कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भोपाल से खाटूश्यामजी जा रही मिनी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के दिशा-निर्देश दिए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें। मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) October 17, 2026
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
राजस्थान के कोटा जिले से बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आई है. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर इटावा में कराड़िया के पास सवारियों से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई. जानकारी के अनुसार, बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे से उछलकर नीचे गिर गई. हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई. 15 घायल हो गए. घायलों को एमबीएस और न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया. जिला कलेक्टर पीयूष समारिया भी एमबीएस अस्पताल पहुंचे. बताया जा रहा है कि बस में कई यात्री सवार थे. हादसा इतना गंभीर था कि बस एक्सप्रेस-वे से नीचे जा गिरी. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भिजवाया गया. बस में सवार सभी लोग भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहे थे.