जयपुर : उच्च शिक्षा में लगातार दूसरे साल निगेटिव ग्रोथ ने चिंता बढ़ाई है. गिग इकोनॉमी के फेर में क्लासरूम खाली हो रहे हैं. राजस्थान के कॉलेजों में नामांकन 4.23 फीसदी तक गिरावट दर्ज हुई है. उच्च शिक्षा विभाग के वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन के विश्लेषण में खुलासा हुआ है.
यूजी-पीजी में नामांकन सत्र में 4.23% घटकर 12.55 लाख रह गया है. यह लगातार दूसरा साल है, जब उच्च शिक्षा में निगेटिव ग्रोथ हुई दर्ज हुई है. महामारी के दौरान बढ़ा नामांकन भी अब सिकुड़ चुका है. सबसे ज्यादा असर लड़कों पर दिखा है, जिनके नामांकन में 5.60% की गिरावट हुई है.
गिग सेक्टर में तेजी से बढ़ते अवसर युवाओं को सीधे वर्कफोर्स की ओर खींच रहे हैं. उदयपुर संभाग हाई इनरोलमेंट-लो इंस्टीट्यूशनल शेयर मॉडल का उदाहरण बनकर उभरा है. राज्य के कुल महाविद्यालयों में इसकी हिस्सेदारी महज 5.3% (207 कॉलेज) है. अब राज्य में हर 100 लड़कों पर 129 लड़कियां उच्च शिक्षा में नामांकित हैं.