नई दिल्ली: एशियन गेम्स के पदक विजेताओं से पीएम मोदी मिले. ध्यानचंद स्टेडियम में पीएम मोदी ने खिलाड़ियों से संवाद किया. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के बीच आने से ऊर्जा मिलती है. महिला हॉकी में 44 साल का इंतजार खत्म हुआ. 1982 के बाद पहली बार, भारत ने मैराथन में सफलता हासिल की है. यह वाकई बहुत खुशी की बात है.
खिलाड़ियों की सफलता देश की है. खिलाड़ियों ने देश को गौरवान्वित किया है. पूरा देश खिलाड़ियों से गौरवान्वित है. क्रिकेट में दोनों टीमों ने रिकॉर्ड दोहराया. 28 साल बाद वेटलिफ्टिंग में पदक मिला. मैं विशेष रूप से हमारी बेटियों की तारीफ करना चाहूंगा. भारत ने जो 85 पदक जीते हैं, उनमें से 38 पदक हमारी महिला खिलाड़ियों ने हासिल किए हैं.
जिनमें 11 स्वर्ण पदक शामिल हैं. ये पदक सिर्फ कुछ आंकड़े नहीं हैं. ये 'नए भारत' की एक सशक्त तस्वीर पेश करते हैं. आज भारत उन खेलों में भी पदक जीत रहा है, जिनमें एशियाई खेलों के इतिहास में हमने पहले कभी कुछ नहीं जीता था.
पीएम मोदी ने आगे कहा कि खेलो इंडिया पहल का विस्तार करने और खेल महासंघों को मजबूत करने के लिए 36,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि आवंटित की गई है. आज, पूरे देश में एक हजार से अधिक खेलो इंडिया केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं.