नौतपा में आज से 9 दिन सूर्यदेव दिखाएंगे अपने तेवर, 29 मई को बुध के मिथुन राशि में प्रवेश से बदलेगा मौसम

नौतपा में आज से 9 दिन सूर्यदेव दिखाएंगे अपने तेवर, 29 मई को बुध के मिथुन राशि में प्रवेश से बदलेगा मौसम

जयपुर: राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर अब और तेज होने लगा है. आज़ से नौतपा की शुरुआत हो गईं है, जो 2 जून तक प्रभावी रहेगा. मौसम विशेषज्ञों और ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इन नौ दिनों में तेज लू, प्रचंड गर्मी और तापमान में भारी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.

ज्योतिषीय गणना के अनुसार आज दोपहर 3 बजकर 37 मिनट पर सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे और 8 जून तक इसी नक्षत्र में रहेंगे. सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश के शुरुआती नौ दिनों को नौतपा कहा जाता है. मान्यता है कि नौतपा के दौरान सूर्य का अग्नि तत्व अत्यधिक सक्रिय हो जाता है, जिससे धरती पर तापमान तेजी से बढ़ता है. 

29 मई को बुध के मिथुन राशि में प्रवेश से मौसम बदलेगा. 30 मई से आंधी और हल्की बारिश का दौर शुरू हो सकता है. तेज आंधी और बारिश से नौतपा के खंडित होने की संभावना है. इस बार नौतपा में त्रिग्रही योग, मिथुन राशि में गुरु, शुक्र और बुध की युति है. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार समुद्र में रोहिणी के निवास से अच्छी बारिश के संकेत है. लोक परंपराओं में इसे मानसून के गर्भकाल के रूप में भी देखा जाता है. 

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक यात्रा से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस दौरान जलदान, पौधारोपण और प्यासों को पानी पिलाना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है. भीषण गर्मी की हालत के चलते कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने समीक्षा करने के साथ पेयजल आपूर्ति के लिए जलदाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश भी दिए है वही आमजन से पानी के उपयोग की भी अपील की है.