फिर बदलेगा मौसम का मिजाज! आंधी, बारिश और ओले...उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर

फिर बदलेगा मौसम का मिजाज! आंधी, बारिश और ओले...उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर

नई दिल्ली: एक बार फिर से देशभर में मौसम का मिजाज बदल सकता है. कहीं से मानसून विदाई ले रहा है. तो कहीं पर पश्चिमी विक्षोभ ने मौसम को प्रभावित करना शुरू किया. पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-NCR सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की आशंका जताई जा रही है. वहीं, दक्षिण भारत में 15 अक्टूबर से भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है.

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार को देश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है. आईएमडी के 15 अक्टूबर के पूर्वानुमान के अनुसार,  उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. दूसरी ओर, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.

तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है. इस तरह अगले कुछ दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का बदला हुआ रूप देखने को मिल सकता है.देश से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी का सिलसिला जारी है. उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव जारी है. दिल्ली-NCR में 14 अक्टूबर को छिटपुट बारिश के बाद 15 अक्टूबर को कई इलाकों में बारिश होने का अनुमान है.

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में भी बारिश की संभावना है. हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर ओले पड़ने का अनुमान है.