कहीं शहनाइयों की गूंज, कहीं चुनावी नतीजों का रोमांच! देवउठनी एकादशी पर राजस्थान में मंगल और सियासत का अनूठा संगम

जयपुर: राजस्थान में आज का दिन खास संयोग लेकर आया है. एक ओर देवउठनी एकादशी के साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी और प्रदेशभर में शहनाइयों की गूंज सुनाई देगी, तो दूसरी ओर पंचायत और निकाय चुनाव के नतीजे प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे. प्रदेश में आज एक तरफ घरों में मंगल गीत गूंजेंगे, सात फेरों के साथ जोड़े जीवनभर के बंधन में बंधेंगे, तो दूसरी तरफ मतगणना केंद्रों पर जीत-हार के फैसले के साथ कहीं जश्न तो कहीं मायूसी का माहौल देखने को मिलेगा.

देवउठनी एकादशी के साथ मांगलिक आयोजनों की शुरुआत:
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं. इसी के साथ चातुर्मास समाप्त होता है और शुभ एवं मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है. देवउठनी एकादशी के अवसर पर प्रदेशभर के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना होगी. घरों में तुलसी विवाह सहित धार्मिक आयोजन होंगे. वहीं शुभ मुहूर्तों के अनुसार शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों का सिलसिला भी शुरू होगा.

मतपेटियां खुलेंगी, तय होगा प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य:
आज का दिन केवल धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिहाज से ही नहीं, बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी अहम है. प्रदेश में पंचायत और निकाय चुनाव की मतगणना के साथ प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा. चुनाव मैदान में उतरे उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की निगाहें मतगणना केंद्रों पर टिकी रहेंगी. नतीजे सामने आने के साथ ही कहीं समर्थक जीत का जश्न मनाएंगे तो कहीं हार से मायूसी छाएगी.