जयपुरः पंचायत चुनाव के दूसरे चरण को लेकर आज मतदान जारी है. सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया जारी है. जहां मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे. इसी बीच कई जगह से EVM में खराबी की खबर सामने आ रही है.
पिंडवाड़ा पंचायत समिति के 4 बूथों पर EVM में खराबी सामने आई. कांटल, आपरीखेड़ा, नांदिया और उन्द्रा के मतदान केंद्रों पर EVM में खराबी आई थी. कांटल के बूथ संख्या 48 पर करीब एक घंटे से मतदान केंद्र पर मतदान रुका था. सूचना मिलते ही तकनीकी टीम को मौके पर बुलाया गया. तकनीकी टीम के पहुंचने पर EVM में आई तकनीकी समस्या को दुरुस्त किया गया. EVM को सही करने के बाद सभी जगह पर एक बार फिर शांतिपूर्ण मतदान शुरू हुआ.
तकनीकी टीम ने किया दुरुस्तः
वहीं देसूरी पंचायत समिति व जिला परिषद चुनाव को लेकर मतदान जारी है. जहां बूथ 74 पर EVM में तकनीकी खराबी आई. तकनीकी टीम ने दुरुस्त किया, इसके बाद फिर से मतदान शुरू हुआ. मतदान को लेकर 3 एरिया मजिस्ट्रेट, 10 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है. रिटर्निंग अधिकारी विश्वजीत सिंह मतदान को लेकर मॉनिटरिंग कर रहे है.
तीनों जगह बटन की समस्या आईः
आसपुर पंचायत समिति चुनाव में सकानी बूथ 107 पर EVM खराब होने से मतदान रुका है. EVM को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी को जानकारी दी गई. इसके अलावा श्रीमाधोपुर में भी बूथ संख्या 29, 90 व 101 पर EVM बदली गई. तीनों जगह बटन की समस्या आई थी. बूथ संख्या 132 पर मशीन खराबी की सूचना आ रही है. बड़ी ढाणी थोई का बूथ बताया जा रहा है.