जयपुर: वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल के मामले कांग्रेस नेताओं ने निशाना साधते हुए कहा कि एसीबी इस मामले में सिर्फ लीपापोती करेगी, क्योंकि एसीबी के अफसरों पर भारी दबाव है. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि पूरे देश के मीडिया में शिखर अग्रवाल की खबर बन गई है और ये अभी तक पीई में लगे हुए हैं.
आखिर कब FIR होगी और कब जांच आगे बढ़ेगी. उन्होंने एसीबी अधिकारियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि एसीबी के डीजी तो भले आदमी हैं, लेकिन वहां पर महिला एडीजी ही सुपर डीजी बनी हुई है. वो हुक्म चलाती हैं, अधिकारियों को देती हैं, डांटती हैं, फटकारती हैं, और केस बन जाते हैं.
गहलोत ने कहा कि एसीबी के डीजी व डीजीपी दोनों भले आदमी है, उनको किसी दबाव से मुक्त होकर काम करना चाहिए. वहीं पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा ने इस मामले में कहा कि पीई की जांच कोई डीजी तो करेंगे नहीं, यह काम तो डिप्टी व सीआई लेवल का आदमी जांच करेगा. तो क्या किसी डिप्टी की हिम्मत है क्या कि वह आईएएस या आईपीएस की जांच कर दे.
उन्होंने कहा जो पुलिस अधिकारी पार्षद उठाकर ला रहे थे वे क्या आईएस की जांच करेंगे. डोटासरा ने आरोप लगाया कि राजस्थान में जितना भ्रष्टाचार देश के किसी राज्य में नहीं है. यहां पटवारी से लेकर आईएएस तक बिना लेनदेन के काम नहीं होता. विधायक व मंत्री के काम भी बिना रिश्चत के नहीं होता.