VIDEO: नगर निकाय चुनाव: दूसरे चरण में ‘मिशन 86%’, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, करीब 700 संवेदनशील और 3,500 क्रिटिकल बूथ चिन्हित

जयपुर: नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में मिशन 86% वोटिंग का लक्ष्य रखा गया है. इसी मिशन के साथ शुक्रवार, 11 सितंबर को प्रदेश के 147 नगर निकायों में दूसरे चरण का मतदान होगा. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा. पहले चरण के अनुभव के आधार पर दूसरे चरण की शहरी निकाय के मतदान की  तैयारियां की गई हैं. जिला कलेक्टरों से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है और बड़े शहरों में मतदान बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने राजनीतिक दलों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जिला प्रशासन से सामूहिक रूप से मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की है.
 
दूसरे चरण में करीब 700 संवेदनशील और 3,500 क्रिटिकल बूथ चिन्हित: 
-सुरक्षा के लिए मतदान के लिए 54,533 का जाब्ता तैनात
-40,202 पुलिसकर्मी और 10,532 होमगार्ड रहेंगे तैनात
-701 एक्साइज पुलिसकर्मी और 4,500 RAC रिजर्व फोर्स की तैनाती
-संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों के लिए 4,000 अतिरिक्त पुलिस बल
-हर मतदान केंद्र पर एक पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड की व्यवस्था

दूसरे चरण के मतदान के लिए 54,533 का कुल जाब्ता तैनात रहेगा. इसमें 40,202 पुलिसकर्मी और 10,532 होमगार्ड शामिल हैं. 701 एक्साइज पुलिसकर्मी, 4,500 RAC रिजर्व फोर्स और 994 मोबाइल पार्टियां भी तैनात रहेंगी. संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों के लिए 4,000 अतिरिक्त पुलिस बल रखा गया है. EVM की सुरक्षा के लिए 1,500 EVM गार्ड, 529 सुपरवाइजिंग ऑफिसर के साथ 2,116 का जाब्ता और IG स्तर पर 1,350 रिजर्व फोर्स उपलब्ध रहेगी. प्रदेश में करीब 700 संवेदनशील और 3,500 क्रिटिकल बूथ चिन्हित किए गए हैं. हर बूथ पर एक पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड की व्यवस्था रहेगी.

दूसरे चरण में 147 नगर निकायों में होगा मतदान: 
-87 लाख 60 हजार 884 मतदाता करेंगे मताधिकार का इस्तेमाल
-दूसरे चरण में 18,266 उम्मीदवार चुनाव मैदान में
-147 में से 107 पुराने नगर निकाय, जहां पिछले चुनाव में औसत मतदान करीब 68% रहा
-4,774 वार्डों में 9,758 मतदान केंद्रों पर दिए जाएंगे वोट
-इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाना बड़ी चुनौती 

दूसरे चरण में मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर आयोग का फोकस: 
-पहले चरण के 76.41% मतदान से आगे बढ़ने का लक्ष्य
-दूसरे चरण में 86% मतदान का लक्ष्य, आयोग का ‘मिशन 86%’
-राजेश्वर सिंह बोले- मतदान दलों का गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण कराया गया
-राज्य और जिला स्तर के मास्टर ट्रेनर्स ने चुनाव कानून व प्रक्रियाओं की दी जानकारी
-SVEEP के तहत विद्यार्थियों ने निबंध, आशुभाषण, रैली, वृक्षारोपण, दीपदान और रंगोली से चलाया जागरूकता अभियान

आयोग का प्रयास है कि पहले चरण के 76.41 प्रतिशत मतदान से आगे बढ़ते हुए दूसरे चरण में 86 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य हासिल किया जाए.इसके लिए शुक्रवार को मतदान शुरू होने से पहले तक प्रशासनिक मशीनरी को पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा.  राजेश्वर सिंह के मुताबिक मतदान दलों का प्रशिक्षण गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया गया है. राज्य और जिला स्तर के मास्टर ट्रेनर्स ने मतदान अधिकारियों को चुनाव कानून, नियम और प्रक्रियाओं की जानकारी दी है. वहीं SVEEP के तहत स्कूल-कॉलेजों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के विद्यार्थियों ने निबंध, आशुभाषण, रैली, वृक्षारोपण, दीपदान और रंगोली जैसी गतिविधियों के जरिए मतदाता जागरूकता अभियान चलाया.

निकाय चुनाव के परिणाम के बाद विजय जुलूस पर रोक लगाई गई है. यही कदम पंचायतीराज चुनाव के लिए उठाया गया है. राजेश्वर सिंह ने कहा कि नामांकन के दौरान प्रत्याशियों के साथ बड़ी संख्या में लोगों के समूह में पहुंचने की प्रवृत्ति सामने आई थी. इसी अनुभव को देखते हुए विजय जुलूस पर प्रतिबंध लगाया गया है, ताकि अनावश्यक कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा न हो. नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. शुक्रवार को 147 नगर निकायों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा.