पंचायत चुनाव 2026: नागौर में द्वितीय चरण मतदान के लिए पोलिंग टीमें रवाना, 152 ग्राम पंचायतों में 28 अक्टूबर को वोटिंग

नागौर: राजस्थान के नागौर जिले में पंचायतीराज चुनाव के द्वितीय चरण को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं. मतदान के लिए आज पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया. जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र कुमार सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पोलिंग टीमों की रवानगी हुई.नागौर जिले में द्वितीय चरण के पंचायत चुनाव में 152 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा.

इसके लिए 590 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 5 लाख 28 हजार 145 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. द्वितीय चरण में जिला परिषद के 16 वार्डों में 55 उम्मीदवार मैदान में हैं. वहीं 5 पंचायत समितियों के साथ मूंडवा आंशिक क्षेत्र में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 388 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. रियाबड़ी, मेड़ता सिटी, भैरुंदा, मेड़ता रोड-गोटन, डेगाना और मूंडवा आंशिक क्षेत्र में मतदान होगा.

पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामरतन सौंकरिया, आईपीएस जतिन जैन और निर्वाचन तहसीलदार बबीता मौजूद रही. अधिकारियों ने मतदान दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. वहीं एसपी आशाराम चौधरी की मौजूदगी में पुलिस टीमों को प्रशिक्षण देने के बाद पुलिस पार्टियों को भी मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया.

शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है. चुनाव व्यवस्था को लेकर 50 जोनल मजिस्ट्रेट और 16 एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं. प्रशासन का फोकस संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी के साथ शांतिपूर्ण मतदान कराने पर है. यानी नागौर में गांव की सरकार चुनने के लिए दूसरे चरण का चुनावी रण तैयार है और कल बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.