सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती: गृह मंत्री अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि, बोले- देश नक्सलवाद से मुक्त होकर नशामुक्त की दिशा में आगे बढ़ा

नई दिल्ली:  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि जब से नरेंद्र मोदी जी देश के प्रधानमंत्री बनें, तब से सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को हम राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाते हैं.सरदार साहब वो महान व्यक्तित्व हैं जिन्होंने न केवल देश के इतिहास को बदला, देश के भूगोल की संरचना की. अनेक राज्य रजवाड़ों को, अनेक राज्यों को एक माला में पिरोने का कठिन कार्य करके हमारे सामने अखंड भारत को जो नक्शा है, उसके निर्माता सरदार साहब थे.

उन्होंने भारत के भौगोलिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक एकीकरण के लिए सफल प्रयास ही नहीं किया बल्कि उसको एक कर भारत को एकसूत्र में पिरोया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज़ादी के समय दुनिया भर के राजनीतिक पंडित कहते थे कि भारत बिखर जाएगा. फिर भी आज़ादी के बाद के 1,218 दिनों में सरदार पटेल ने वो कर दिखाया जिसे हर कोई असंभव मानता था और देखते ही देखते सरदार पटेल द्वारा परिकल्पित और निर्मित भारत आज दुनिया के सामने गर्व के साथ खड़ा है. 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि इस साल 31 मार्च को देश नक्सलवाद से मुक्त होकर नशामुक्त देश की दिशा में आगे बढ़ गया है. आज सरदार पटेल की जयंती पर मैं पूरे देश के लोगों से उस लक्ष्य के लिए अपील करता हूं जो हमने तय किया है कि 31 दिसंबर 2029 तक देश को पूरी तरह से नशा-मुक्त बनाना. प्रधानमंत्री ने जो 'विकसित भारत' की कल्पना की है उसका पहला चरण 'नशा-मुक्त भारत' की रचना का है. "केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में 'रन फॉर यूनिटी' को झंडी दिखाकर रवाना किया.