जयपुर: राजधानी जयपुर में तेज गर्मी से राहत मिल गई. जयपुर में शुक्रवार रात करीब 8: 15 बजे बारिश के साथ ओले गिरे. ओले और बारिश की वजह से गर्मी से राहत मिल गई. तापमान में गिरावट दर्ज की गई. शुक्रवार रात बारिश के साथ बेर के आकार के ओले गिरे. वहीं लोगों को तेज गर्मी और उमस से राहत मिली. शुक्रवार शाम तेज हवा में छाया के इंतजाम फट गए. टोंक रोड पर गांधी नगर मोड़ पर ग्रीन शेड लगाए गए थे. वाहन चालकों को धूप से बचाने के लिए ग्रीन शेड लगाए गए थे, लेकिन जयपुर में अभी चली धूल भरी हवा से ये ग्रीन शेड फट गए.
वहीं जयपुर के जमवारामगढ़ उपखंड क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल गया. दिनभर तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप के बाद शाम को अचानक मौसम बदला. तेज हवाओं के साथ अचानक ओलावृष्टि हुई. करीब आधा घंटे तक क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई. तेज बारिश से सड़कों पर पानी बहने लगा. लोगों को गर्मी से राहत मिली.
जयपुर के आंधी क्षेत्र में तेज अंधड़ और मूसलाधार बारिश हुई. तेज अंधड़ और बारिश से विद्युत निगम को भारी नुकसान हुआ. करीब 200 बिजली के पोल, दो दर्जन ट्रांसफार्मर, स्ट्रक्चर व लाइनें धराशाही हुई. बहलोड, फूटोलाव, सानकोटडा, भावणी, थली व नांगल बेला फीडर में अधिक नुकसान हुआ. सहायक अभियंता मनीष पिंगोलिया ने जानकारी दी.
दौसा के मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र में आज फिर मौसम का मिजाज बदला. मेघ गर्जना के साथ रिमझिम बारिश का दौर शुरू हुआ. इससे पहले जमकर धूल भरी तेज हवाओं के साथ आंधी चली. लोगों को नौतपा की भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली. तापमान में गिरावट दर्ज की गई. आसमान से नौतपा में राहत की बारिश बरसी.
वहीं भरतपुर के नदबई क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदला. तेज अंधड़ के बाद बारिश का दौर शुरू हुआ. मेघगर्जन के साथ बारिश हो रही है. बारिश से प्रचंड लू और गर्मी से बड़ी राहत मिली. बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई. मौसम सुहावना हुआ. तेज अंधड़ के चलते करीब 1 घंटे से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई. रात को भी तेज आंधी के साथ बारिश हुई थी.